ग्वालियर-
कार ने रेलवे स्टेशन की ओर से आ रहे टेंपो को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही टेंपो की फ्रंट सीट पर बैठा सब्जी व्यवसायी उछलकर सड़क पर गिरा और अनियंत्रित टेंपो उस पर पलट गया। हादसे में सब्जी व्यवसायी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सहित 3 लोग घायल हो गए। हादसा रविवार सुबह 5.30 बजे आकाशवाणी चौराहे पर हुआ है। घटना के बाद आरोपी कार लेकर फरार हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। घटना स्थल पर एक नंबर प्लेट टूटी मिली है। जो किसी वैगनआर कार की है। पुलिस का मानना है कि इसी गाड़ी ने टक्कर मारी है। फिलहाल पुलिस ने नंबर प्लेट को जांच में ले लिया है।


थाटीपुर के इन्द्रानगर निवासी बल्लू उर्फ अजय (32) पुत्र रामगोपाल बाथम सब्जी व्यवसायी है। वह लक्ष्मीगंज से थोक में सब्जी लाकर थाटीपुर मार्केट में रिटेल में सप्लाई करता है। रविवार सुबह 4 बजे वह घर से निकला था। लक्ष्मीगंज पहुंचकर सब्जी खरीदी और 8 नंबर रूट के टेंपो क्रमांक एमपी07 आर-3508 में लोड कराई। उसके साथ कालीचरण व दामोदर साहू भी थे। टेंपो के पिछले हिस्से में सब्जी भरी थी। जिस पर कालीचरण और बल्लू आगे बैठ गए। दामोदर पीछे बैठ गया। टेंपो को राजेन्द्र चला रहा था। सुबह करीब 5.30 बजे स्टेशन, बस स्टैंड से होते हुए टेंपो आकाशवाणी के गेट से कुछ आगे की पहुंचा था कि मेला सूर्य नमस्कार चौराहा रोड की तरफ से तेज रफ्तार एक कार चली आ रही थी। कार तेज रफ्तार में थी यह देखकर टेंपो चालक राजेन्द्र ने ब्रेक लगाए। काफी दूर तक टेंपो घिसटती गई, लेकिन इसके बाद भी कार से टेंपो में टक्कर लग गई। तेज रफ्तार कार की टक्कर से टेंपो में आगे के सीट पर बैठा बल्लू उछलकर सड़क पर गिरा। इसी समय टेंपो अनियंत्रित होकर उस पर पलट गया। हादसे में सिर पर टेंपो का चेस्ट गिरने और कुचलने से बल्लू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि टेंपो में सवार चालक राजेन्द्र, कालीचरण व दामोदर भी घायल हुए हैं। हादसे के बाद टक्कर मारने वाली कार को चालक लेकर भाग गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मौके से मिली एक नंबर प्लेट
घटना स्थल पर पुलिस को एक रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट मिली है। जिस पर नंबर एमपी07 सीबी-1143 लिखा हुआ है। पुलिस का मानना है कि यह नंबर टक्कर मारने वाली कार का हो सकता है। हादसे के समय नंबर प्लेट टूटकर यहां गिरने की आशंका है। जो नंबर प्लेट मिली है उस नंबर को आरटीओ की वेबसाइट पर सर्च करने पर वह नंबर सीएल-265 डीडी नगर निवासी विकास पुत्र अशोक कुमार द्विवेदी के नाम पर दर्ज है। पुलिस पता लगा रही है कि यह नम्बर प्लेट का हादसे से क्या लिंक है।
दवा लेने आई महिला को अज्ञात वाहन ने कुचला-
मुरैना सबलगढ़ निवासी लीला पत्नी करण शाक्य शनिवार को दवा लेने के लिए ग्वालियर आ रही थी। रायरू स्टेशन आने पर वह ग्वालियर समझकर ट्रेन से उतर गई। उतरने के बाद कुछ दूरी पर चली तो पता लगा कि यह ग्वालियर का मुख्य स्टेशन नहीं है। इस पर वह वापस स्टेशन के प्लेटफार्म तक आई, लेकिन ट्रेन निकल चुकी थी। इसके बाद वह बस पकड़ने के लिए स्टेशन से बाहर निकलकर रास्ता क्रॉस कर रही थी। तभी कोई वाहन उसे टक्कर मार गया। पुरानी छावनी पुलिस को राहगीरों ने महिला के घायल पड़े होने की सूचना दी। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने अस्पताल की सूचना पर शव को निगरानी में लेकर मामला दर्ज कर लिया है।
बाइक सवारों को कार ने मारी टक्कर, एक की मौत-
बिजौली के बिल्हेटी गांव रोड पर बाइक सवारों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। बताया गया है कि अडूपुरा निवासी मुरारी लाल कुशवाह अपने बेटे राकेश व दोस्त भूपसिंह के साथ एक रिश्तेदारी में आयोजित कार्यक्रम में शनिवार को बिजौली आया था। रात को जब वह लौट रहे थे तभी बिल्हेटी गांव के रास्ते पर पीछे आ रही कार यूपी78 ई-5897 के चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक पर सवार मुरारी लाल सिर के बल जमीन पर गिरा और मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि राकेश व भूपसिंह घायल हैं। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भाग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal