ग्वालियर-
एक महिला पति से झगड़ा करके के बाद रेलवे स्टेशन पहुंच गई। वह परेशानी की हालत में इधर उधर घूमती रही। मालगाड़ी को आता देख महिला तेजी से ट्रैक की तरफ बढ़ी। वह इंजन के सामने कूदने ही वाली थी कि जीआरपी व एसएएफ के जवानों ने उसे पकड़ लिया। महिला की काउंसलिंग के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
लक्ष्मीबाई कॉलोनी फूलबाग निवासी 29 वर्षीय महिला ममता(परिवर्तित नाम) का रविवार की सुबह पति से झगड़ा हो गया। इसके बाद वह किसी को बिना कुछ बताए घर से चली गई। ममता घर से सीधे रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची। दोपहर 12 बजे महिला को अकेली बैठी देख जीआरपी के जवानों को संदेह हुआ। महिला कॉस्टेबलों को बुलाया गया, जिससे वह महिला से पूछताछ कर सके। स्टेशन पर इस दौरान कुछ एसएएफ के जवान भी मौजूद थे। इसी बीच एक मालगाड़ी जब प्लेटफार्म नंबर एक पर आती दिखी तो महिला ट्रैक की तरफ बढ़ने लगी। यह देख जीआरपी व एसएएफ के जवान अलर्ट मोड पर आ गए। महिला ने जैसे ही मालगाड़ी के इंजन के सामने कूदने का प्रयास किया तो जवानों ने महिला को पकड़कर प्लेटफार्म की तरफ खींच लिया। तब तक मौके पर महिला कॉस्टेबल भी पहुंच गईं। महिला को थाने लाकर समझाया गया, फिर परिजनों को बुलाकर महिला को उनको सौंप दिया गया।
महिला को काबू करना मुश्किल हुआः महिला को जब जीआरपी के जवानों ने पकड़ा तो वह भड़क गई। महिला कॉस्टेबल उसे काबू करने का प्रयास कर रही थी, लेकिन महिला सुसाइड करने पर अड़ी थी। बड़ी मुश्किल से जीआरपी के जवान महिला को थाने लेकर पहुंचे। जहां उसने बताया कि पति से उसका झगड़ा हो गया था। इसी वजह से वह बिना किसी को बताए सुसाइड करने स्टेशन आ गई थी। जीआरपी टीआई अजीत सिंह ने परिजनों को समझाइश दी कि वह महिला को प्यार से समझाएं, जिससे इस प्रकार की स्थिति दोबारा न होने पाए।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal