ग्वालियर, ‘यूनीवर्सिटी मैनेजमेंट सिस्टम’ लागू कराना, जीवाजी विश्वविद्यालय प्रशासन के लिए गले की हड्डी बन गया है। परीक्षा परिणामों की घोषणा में लगातार देरी करते-करते एजेंसी ने स्थिति यह बना दी है कि 275 परीक्षाओं के परिणाम अधर में अटके हुए है। एजेंसी से छुटकारा पाने की दिशा में कुलपति व परीक्षा नियंत्रक ने दो-अलग नोटिस एजेंसी को जारी कर दिए है।
एजेंसी की लापरवाही और उस पर कानूनी कार्रवाई के इरादे से कुलपति की ओर से एजेंसी को लीगल नोटिस दिया गया है। दूसरी ओर परीक्षा नियंत्रक डॉ.आरकेएस सेंगर की ओर से अलग से नोटिस जारी किया गया है। खास बात यह है कि इन नोटिसों में जेयू प्रशासन ने उन सभी तथ्यों को स्वीकार किया है, जिन्हें लेकर पिछले कई दिनों से छात्रों के धरने,प्रदर्शन व आंदोलन होते रहे है। विश्वविद्यालय ने स्वीकार किया है कि परीक्षा परिणामों में हो रही देरी के कारण आए दिन होने वाले विरोध प्रदर्शन व मीडिया में समाचार छपने से विश्वविद्यालय की छवि धूमिल हो रही है।
साथी फर्म छोड़कर जा चुकी हैं
नोटिस में यूएमएस लागू करने वाली नागपुर की फर्म माइक्रो-प्रो को बताया गया है कि उनकी फर्म से अनुबंध इस आधार पर किया था कि दो साथी फर्म के साथ काम किया जाएगा। अनुबंध के विपरीत वेब टैक्नोलॉजी सोल्युशन प्रा.लिमिटेड व मैसर्स आर्यन ट्रैनिंग सर्विस ने बीच में ही काम छोड़ दिया है।
सिर्फ आधा दर्जन कर्मचारी
नोटिस में जेयू प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तय निविदा के अनुसार फर्म को दो लाख छात्रों का परीक्षा परिणाम तैयार करने के लिए सेटअप की व्यवस्था करनी थी। मौजूदा स्थिति में शर्तों का पालन न करते हुए केवल 6-7 कर्मचारियों व 3-4 स्कैनर की व्यवस्था की गई है। कम स्टाफ व संसाधन से कार्य बाधित हो रहा है।
दिसम्बर की परीक्षाओं का परिणाम अब तक नहीं
फर्म को चेताया गया है कि जो परीक्षा परिणाम अकेडमिक कैलेंडर अनुसार 15 दिसम्बर तक घोषित होने थे, अब तक घोषित नहीं हुए है। दिसम्बर व जून में जो 432 परीक्षा परिणाम घोषित होने थे, उनमें से अब तक महज 167 ही घोषित हो सके है।
छात्र को प्रवेश में आएगी समस्या
नोटिस में बताया गया है कि नियमानुसार 25 मई तक समस्त परीक्षाओं के परिणाम घोषित हो जाने थे, लेकिन परिणामों में देरी के चलते प्रदेश सरकार की ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने में दिक्कत आएगी।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal