ग्वालियर-
जौरासी घाटी पहाड़ी को हरा भरा बनाने के लिए कलेक्टर अनुराग चौधरी की पहल पर पौधरोपण किया गया। लोकसभा निर्वाचन 2019 में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत पौधरोपण के कार्य को अभियान के रूप में शुरू किया गया। जौरासी की पहाड़ी पर मानव श्रृंखला बनाकर पौधरोपण के साथ-साथ मतदाता जागरूकता का संदेश भी दिया गया। जौरासी पहाड़ी के पास बने विख्यात जौरासी मंदिर पर डबरा एसडीएम व अधिकारियों को यह पता चला था कि पहले यह पहाड़ी हरी-भरी थी और यहांहनुमान मंदिर लक्ष्मीनारायण मंदिर है। पहले लोग यहां काफी आते थे और यहां बावड़ी भी है। पहाड़ी की बात कलेक्टर तक पहुंची और ठान लिया गया कि इस पहाड़ी को पहले जैसा हरा-भरा करके दिखाएंगे।

जौरासी की पहाड़ी पर आयोजित पौधरोपण में पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शिवम वर्मा, एसडीएम डबरा जयति सिंह, एडीएम संदीप केरकेट्टा, अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण आजीविका मिशन की महिलाएं, कोटवार एवं ग्रामीणजनों ने बढ़ चढ़कर भागीदारी की। कलेक्टर अनुराग चौधरी ने पौधरोपण के बाद कोटवारों और आजीविका मिशन की महिलाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण आज की सबसे महती आवश्यकता है। सभी ने जौरासी की पहाड़ी पर पौधरोपण किया है। अब हम सबकी जवाबदारी है कि जो पौधे हमने रोपे हैं, उनकी देखरेख भी करें। उन्होंने कोटवारों से कहा कि प्रत्येक कोटवार कम से कम एक पौधे की जवाबदारी लेकर उसकी देखभाल करे। आजीविका मिशन की महिलाएं भी पौधरोपण के उपरांत वृक्षों की देखभाल की जवाबदारी लें।
हमें ही एक-एक पेड़ को देखना हैः एसपी
पौधरोपण के दौरान पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने कहा कि पौधरोपण के माध्यम से ही हम पर्यावरण संतुलन को बनाए रख सकते हैं। इस महत्वपूर्ण अभियान में जिन लोगों ने अपनी भागीदारी की है वे बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि केवल वृक्ष लगाकर ही हम अपनी जिम्मेदारी से मुक्त नहीं होते हैं। लगाए गए एक-एक पौधे की देखभाल करना भी हमारा कार्य है। हम सब मिलकर यह प्रयास करें कि जौरासी की पहाड़ी पर लगाए गए सभी पौधे बड़े हों और पहाड़ी को हरा-भरा कर दें।
अलग-अलग किस्म के 700 पौधेः जयति सिंह
पौधरोपण कार्यक्रम का नेतृत्व एसडीएम डबरा जयति सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि पहाड़ी पर लगभग 700 पौधे विभिन्न प्रजातियों के लगाए गए हैं। अभियान के तहत क्षेत्र के सभी कोटवार और आजीविका मिशन की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की है। पौधरोपण के साथ-साथ मतदाता जागरूकता के लिए भी मानव श्रृंखला बनाकर मतदान का संदेश दिया। हम सभी लोग अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक मतदान के लिए लोगों को प्रेरित करेंगे। पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान लोगों ने मानव श्रृंखला बनाकर अपने मताधिकार का उपयोग करने का संकल्प लिया और सभी को प्रेरित किया कि वे अपने अधिकारों का उपयोग करते हुए निष्पक्ष रूप से मतदान करें। पानी पंचायत के माध्यम से दिया जाएगा।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal