ग्वालियर-
लोकसभा चुनाव की तैयारियों के तहत कलेक्टर अनुराग चौधरी, एसपी एवं आयकर अफसरों के साथ एयरपोर्ट का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां पर सीआईएसएफ के जवानों को निर्देश दिए कि फ्लाइट से आने वाले स्टार प्रचारकों के सामान के साथ ही उनके स्टाफ को भी बारिकी से चैक किया जाए। यदि किसी के पास सीमा से अधिक पैसा मिलता है तो उसे जब्त करके स्थानीय पुलिस, एसएसटी टीम तथा आयकर विभाग को सूचना देकर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
वीडियो रिकार्डिंग करें, कोई भी मांग सकता है क्लिपिंगः
कलेक्टर ने बाल भवन में एसएसटी एवं एफएसटी टीम की बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि एसएसटी टीम सभी नाकों पर तैनात होगी, जिले में विधानसभा क्षेत्र के अनुसार 3-3 टीम गठित की गई है। इसी प्रकार 18 एफएसटी टीम गठित की गई है। टीम कार्रवाई की वीडियो रिकार्डिंग कराए, क्योंकि कोई भी निर्धारित शुल्क जमा करके रिकार्डिंग मांग सकता है। सी-विजिल एप के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों का निराकरण हर हाल में 100 मिनट में होना है, इसलिए मोबाइल जरूर चैक करते रहें।
पेड न्यूज पर वैधानिक कार्रवाई करें:
कलेक्टर अनुराग चौधरी ने पेड न्यूज पर निगरानी के लिए गठित की गई एमसीएमसी कमेटी की बैठक ली। जिसमें कमेटी के सदस्यों को निर्देश दिए गए कि वह पेड न्यूज पर पैनी नजर बनाकर रखें। कमेटी समाचार एवं विज्ञापनों पर नजर रखे, कोई भी पेड न्यूज से संबंधित प्रकरण सामने आए तो वैधानिक कार्रवाई करें।
कलेक्टर ने देखी एफएलसी की व्यवस्थाः
कलेक्टर अनुराग चौधरी ने एमएलबी कॉलेज का निरीक्षण किया। यहां पर एफएलसी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि एफएलसी की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाए। मुख्य गेट पर रखे रजिस्टर में नाम, आने जाने का समय दर्ज करके ही एन्ट्री दी जाए। मोबाइल फोन लेकर बिल्िडग में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
जुलूस रैली के लिए दो दिन पहले देना होगा आवेदनः
कलेक्टर ने रैली जुलूस को लेकर धारा 144 के तहत आदेश जारी किया है, जिसमें अब किसी भी प्रकार की रैली एवं जुलूस या आमसभा के लिए अनुमति लेना होगी। आयोजन के दो दिन पहले पूरी जानकारी के साथ उपखंड मजिस्ट्रेट के यहां आवेदन करना होगा। एक से अधिक अनुभाग क्षेत्र में रैली, जुलूस आदि के लिए एडीएम संदीप केरकेट्टा अनुमति प्रदान करेंगे।
कंट्रोल रूम गठित, 24 घंटे चालू रहेगाः
लोकसभा चुनाव में निर्वाचन कार्य से संबंधित जानकारियों के लिए कलेक्ट्रेट के कक्ष क्रमांक 123 में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जिसका नंबर 2446204 होगा। इसके साथ ही वोटर हेल्प लाइन नंबर 1950 भी रहेगा। कोई भी मतदाता अपने मताधिकार के संबंध में वोटर हेल्प लाइन नंबर या कंट्रोल रूम के नंबर पर संपर्क कर सकता है। यह कंट्रोल रूम 24 घंटे चालू रहेगा।
स्वीप गतिविधियों के लिए समिति गठितः चुनाव में वीवीपैट के प्रचार प्रसार एवं जिले में संचालित स्वीप गतिविधियों के क्रियान्वयन के लिए महिला एवं बाल विकास अधिकारी राजीव सिंह की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal