ग्वालियर-
12 विस्वा जमीन के लिए खुरैरी गांव में दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष में एक सैकड़ा से अधिक गोलियां चली हैं। करीब 40 मिनट तक लगातार फायरिंग की आवाज लोगों ने सुनी है। घटना खुरैरी गांव की है। इसी समय को लेकर सुबह भी गोलीबारी हुई थी। जिस पर एक पक्ष ने थाना में लिखित शिकायत की थी। पुलिस शिकायत की जांच ही करती रही और शाम को फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। अंधाधुंध गोलीबारी की सूचना पर मुरार थाना पुलिस अन्य थानों के फोर्स के साथ खुरैरी पहुंची। पुलिस ने 4 लोगों को गांव से उठाया है। जिनसे दो माउजर भी बरामद हुए हैं।
उपनगर मुरार के खुरैरी गांव निवासी सुल्तान सिंह पुत्र रामदयाल सिंह का गांव में एक 12 विस्वा जमीन को लेकर बड़ागांव निवासी जीतू यादव पुत्र अमृतलाल यादव से विवाद चल रहा है। दोनों इस जमीन को अपनी जमीन का हिस्सा बताते हैं। रविवार सुबह इसी जमीन को लेकर जीतू यादव अपने कुछ साथियों के साथ खुरैरी गांव पहुंचा था। यहां 4 से 5 फायर करने के बाद सुल्तान सिंह को जान से मारने की धमकी दे गया था। इसकी शिकायत सुल्तान सिंह ने सुबह मुरार थाना में की थी। पुलिस ने लिखित शिकायत पर जांच के बाद ही एफआईआर दर्ज करने का आश्वासन दिया था। पर अभी पुलिस मामले की जांच ही कर रही थी कि रविवार शाम 4 बजे के लगभग खुरैरी गांव में जीतू यादव अपने 15 से 20 लोगों के साथ हथियारों से लैस होकर पहुंच गया। जमीन पर उसने प्लॉटिंग के लिए नापतौल शुरू कर दी। यह बात पता लगते ही गांव के सुल्तान सिंह भी अपने साथियों के साथ पहुंच गए। दोनों तरफ से लोगों की संख्या व हथियारों की संख्या सामान्य थी। पहले वहां मुंहबाद हुआ। उसके बाद दोंनो पक्षों ने एक दूसरे को डराने के लिए हवाई फायर करने शुरू कर दिए।

दोनों तरफ से चलीं 100 के लगभग गोलियां, गांव से खदेड़ा
दोनों पक्षों ने पहले हवाई फायर कर अपनी-अपनी पॉजीशन ली। कुछ समय तक हवाई फायर करने के बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे को निशाना बनाकर आमने-सामने से फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें सुल्तान सिंह की तरफ से गांव के अन्य लोग भी इस झगड़े में शामिल हो गए। गांव की एकता दूसरे पक्ष पर भारी पड़ी। करीब 40 मिनट में एक सैकड़ा गोली चलने के बाद जीतू यादव व उनके साथियों को गांव से खदेड़ दिया गया। अंधाधुंध गोलीबारी की सूचना पर मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। साथ में थाटीपुर व अन्य थानों से फोर्स पहुंचाय गया। पुलिस ने मौके से अतर सिंह, राजेश सिंह, रवि व विकास सिंह निवासी खुरैरी को पकड़ा है। इनके पास से दो माउजर जब्त की गई हैं।
यह है विवाद की जड़
रविवार सुबह सुल्तान सिंह पुत्र रामदयाल निवासी खुरैरी गांव ने लिखित शिकायत करते हुए बताया था कि 20 वर्ष पूर्व उन्होंने 12 विस्वा जमीन खरीदी थी, लेकिन वह किसी कारणवश रजिस्ट्री नहीं करा पाए थे। इसी सिलसिले में 27 मई 2018 को दोनों पक्षों में एक समझौता बैठक हुई। जिसमें जमीन मालिक वीर सिंह पुत्र पन्नालाल से एग्रीमेंट अतर सिंह के नाम हुआ। जिसमें कुल जमीन में से 7 लाख रुपए नकद, 800 वर्ग फीट का एक प्लॉट वीर सिंह को देना तय हुआ। पर उसके बाद जमीन मालिक वीरसिंह पर सुल्तान ने आरोप लगाते हुए लिखा कि वीरसिंह ने बेईमानी करते हुए अपने खेत सहित यह जमीन का सौदा जीतू यादव से भी कर लिया। वह इस जमीन पर प्लॉटिंग करने लगा। विरोध करने पर रविवार सुबह धमकाकर गया था।
गांव में दहशत फोर्स तैनात, लोगों ने छिपकर बचाई जान
घटना के बाद गांव में दहशत है। दोनों पक्ष पास के ही गांव के होने के कारण फिर हंगामा होने की स्थिति से तनाव का माहौल है। जिस कारण पुलिस बल भी तैनात किया गया है। गोलीबारी में किसी के भी घायल होने की सूचना नहीं है। गांव के लोगों का कहना था कि जिस समय गोलीबारी शुरू हुई उस समय लोग अपने-अपने खेतों पर थे, लेकिन उसके बाद जान बचाने के लिा यहां वहां छिपना पड़ा। गोलीबारी बंद होने के करीब एक घंटे बाद लोग बाहर निकले और समझा क्या मामला था।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal