मानवाधिकार (HRD) ने कहा ट्रामा में ड्रामा नहीं चलेगा
✍️ कुलदीप सिंह (सन्नी)

BK-NEWS/सिंगरौली/बैढ़न:- मानवाधिकार संरक्षण संगठन (HRD) के मध्यप्रदेश प्रदेश अध्यक्ष आर.सी. तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष (नियुक्ति प्रभारी) डी.डी. चतुर्वेदी, प्रदेश मीडिया प्रभारी शैलेन्द्र पाराशर, सिंगरौली जिला अध्यक्ष विनय द्विवेदी, जिला प्रभारी सुनील कौशिक, जिला महासचिव अभिषेक सिंह, जिला मीडिया प्रभारी कुलदीप सिंह (सन्नी), सचिव निलेश तिवारी, जिला सचिव आशुतोष सिंह, सहित जिला टीम एवं इंडिया न्यूज़ टीवी चैनल वं नक्षत्र न्यूज़ चैनल के स्टेट हेड तथा क्षेत्रीय पत्रकारों द्वारा सिंगरौली जिले के तीन दिवसीय भ्रमण के दौरान जिला चिकित्सालय एवं ट्रामा सेंटर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के पहले दिन दोपहर लगभग 12:20 बजे बैढ़न स्थित जिला चिकित्सालय की अधिकांश OPD में डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए। कई OPD के बाहर मरीज परेशान होकर खड़े दिखे, जबकि केवल दो OPD में ही डॉक्टर मौजूद थे। मौके पर उपस्थित स्टाफ से अन्य डॉक्टरों के बारे में पूछे जाने पर कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला।
मरीजों एवं उनके परिजनों द्वारा मानवाधिकार संरक्षण संगठन (HRD) और मीडिया को सूचना दिए जाने के बाद किए गए इस निरीक्षण में अस्पताल की व्यवस्थाएं अत्यंत निंदनीय पाई गईं। निरीक्षण के दौरान यह भी आरोप सामने आए कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र होने के बावजूद मरीजों से मोटी रकम वसूली जा रही है। एक्स-रे, सोनोग्राफी तथा बाहर से दवाएं मंगवाने के नाम पर मरीजों से पैसे लिए जा रहे हैं।
अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों ने जिला अस्पताल के स्टाफ और मीडिया के सामने इन आरोपों की पुष्टि करते हुए बयान दिए। इसी प्रकार आयुष्मान योजना से संबद्ध साईं हॉस्पिटल एवं वंदना हॉस्पिटल में भी आयुष्मान कार्डधारी मरीजों से नगद राशि लेने और साथ ही योजना के अंतर्गत राशि निकाले जाने के आरोप लगाए गए। मरीजों और परिजनों के अनुसार इस संबंध में फोटो एवं वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध हैं।
_मामले की जानकारी मौखिक रूप से CMHO को दी गई तथा जिला कलेक्टर को भी हालात से अवगत कराया गया। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इन गंभीर आरोपों पर कितनी शीघ्रता से कार्रवाई करता है।
मानवाधिकार संरक्षण संगठन (HRD) ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया, तो संगठन इस मुद्दे को अपने स्तर पर आगे बढ़ाएगा।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal