
सिंगरौली/चितरंगी | 20 दिसंबर
चितरंगी क्षेत्र में जिला प्रशासन ने रेत उत्खनन को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए सहकार ग्लोबल कंपनी की एक पीसी मशीन जब्त कर ली। यह कार्रवाई 19 दिसंबर को उपखंड अधिकारी चितरंगी द्वारा की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रेत उत्खनन कार्य में लगी उक्त पीसी मशीन सड़क किनारे खड़ी पाई गई थी। प्रशासन ने इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद कंपनी कर्मचारियों ने मशीन जब्ती का विरोध भी किया, लेकिन उपखंड अधिकारी अपने निर्णय पर अडिग रहे।
प्रशासन द्वारा मशीन को उठवाकर चितरंगी थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया। हालांकि, अब तक मशीन जब्ती का स्पष्ट कारण प्रशासन की ओर से सार्वजनिक नहीं किया गया है, जिससे पूरे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
वहीं सहकार ग्लोबल कंपनी के कर्मचारियों का आरोप है कि जिला प्रशासन ने बिना किसी ठोस कारण के जबरन कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में रेत उत्खनन से जुड़े अन्य ठेकेदारों में भी हड़कंप मच गया है और प्रशासन की आगे की कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में कौन-सा नियम उल्लंघन सामने लाता है, या फिर कंपनी द्वारा लगाए गए आरोपों पर क्या स्पष्टीकरण देता है।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal