
भोपाल।भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय सचिव , अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय महासचिव समकालीन कम्युनिस्ट आन्दोलन के प्रखर प्रतिनिधि नेता कॉमरेड अतुल कुमार अनजान की स्मृति में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मध्य प्रदेश राज्य

परिषद के तत्वावधान में भाकपा राज्य कार्यालय शाकिर सदन भोपाल में एक व्यापक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।इस सभा में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी,मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी,कांग्रेस पार्टी , गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रतिनिधि नेताओं और विभिन्न जन संगठनों के प्रतिनिधियों ने कॉमरेड अतुल कुमार अनजान के प्रेरक अवदान का स्मरण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की ।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के मध्य प्रदेश राज्य सचिव कॉमरेड अरविन्द श्रीवास्तव ने कॉमरेड अतुल कुमार अनजान की कम्युनिस्ट आन्दोलन और किसान आंदोलन में प्रभावकारी भूमिका को रेखांकित किया तथा किसानों के हितों की रक्षा के लिए स्थापित स्वामीनाथन आयोग के प्रस्तावों को तैयार करने में कॉमरेड अतुल कुमार अनजान की केन्द्रीय भूमिका का उल्लेख किया।
एटक के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कॉमरेड हरिद्वार सिंह ने विभिन्न संस्मरणों के माध्यम से कॉमरेड अतुल कुमार अनजान की व्यापक स्वीकार्यता ,प्रभाव और कम्युनिस्ट आंदोलन में उनके योगदान का उल्लेख किया।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव कॉमरेड जसविंदर सिंह ने कॉमरेड अतुल कुमार अनजान के निधन को समूचे कम्युनिस्ट आंदोलन की बहुत बड़ी क्षति निरूपित कर किसान आंदोलन में उनके प्रेरक अवदान को रेखांकित किया।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता कॉमरेड अजित कुमार जैन ने कॉमरेड अतुल कुमार अनजान के छात्र नेता से एक परिपक्व मार्क्सवादी चिंतक और कम्युनिस्ट नेता के रूप में विकसित होने को बेमिसाल और प्रेरक बताया।
श्रद्धांजलि सभा में भाकपा नेता सत्यम पाण्डेय, कौशल शर्मा , ए एच सिद्दीकी,रामसरोज कुशवाह ,रामहर्ष पटेल ,अजय सिंह गंगवार ,वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री राजा पटेरिया ,सेवा निवृत्त प्रशासनिक अधिकारी रामगोपाल पांडे ,साहित्यकार शारिक रब्बानी ,किसान नेता एहसान जाफरी ने भी विभिन्न संस्मरणों के माध्यम से कॉमरेड अतुल कुमार अनजान को श्रद्धांजलि अर्पित की संचालन कॉमरेड शैलेन्द्र शैली ने किया।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal