संघर्षों के जीवंत प्रतीक है कॉमरेड अजित कुमार
वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता कॉमरेड अजित कुमार का सार्वजनिक अभिनंदन
सागर/ सागर ही नहीं बल्कि मध्य प्रदेश के वरिष्ठतम मजदूर नेता और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिवमंडल के सदस्य कॉमरेड अजित कुमार जैन के 75 वर्ष की आयु पूर्ण करने के उपलक्ष्य में आज सागर वर्णी वाचनालय में सार्वजनिक अभिनंदन किया गया। इस मौके पर उनके व्यक्तिगत और कृतित्व पर केंद्रित एक पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।
इस अवसर पर पार्टी, विभिन्न संगठनों और संस्थाओं की और से स्मृति चिन्ह, शाल, श्रीफल, पुष्प गुच्छ आदि देकर कॉमरेड अजीत कुमार को सम्मानित किया गया।
कॉमरेड अजीत जैन ने इस मौके पर कहा कि मैं महज एक व्यक्ति हूं और पार्टी ही महत्वपूर्ण है। इस मौके पर उन्होंने अपने राजनीतिक गुरु महेंद्र फुसकेले, शांता पाठक और अपनी पत्नी पुष्पा जैन को खास तौर पर याद करते हुए कहा कि मुझे जो समाज से मिला, जो सीखा वो समाज ही से सीखा। उन्होंने कहा कि एक कम्यूनिस्ट का सम्मान उसके समाज और संघर्ष का सम्मान है। मेरे पास संतुष्टि और स्वीकार्यता और सम्मान की पूंजी है। साथियों की आशाओं और अभिलाषाओं को शेष जीवन भी लड़ते रहेंगे।
इस अवसर पर कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव अरविंद श्रीवास्तव ने कहा कि आज के दौर में कम्युनिस्ट होना और विचार के प्रति प्रतिबद्धता होना बेहद जरूरी है। इस प्रतिबद्धता की जीवंत मिसाल कॉमरेड अजीत जैन हैं। आज वे पार्टी के मार्गदर्शक हैं और ऐसी धुरी हैं। आज का दौर आजादी और संविधान को बचाने का है। ऐसे में कॉमरेड अजीत जैन का सम्मान करते हुए उनकी राजनीति, उनके मूल्यों को भी समझना चाहिए।
एटक के अध्यक्ष हरिद्वार सिंह ने कहा कि कॉमरेड अजीत जैन ने पार्टी के 50 सालों के उतार चढ़ाव को देखा और आकार दिया है। यह आयोजन इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि आज जो राजनीति उभार पर है वो जनता के सवालों से कटी हुई है। जिसके खिलाफ अजीत जैन ने जीवन भर लड़ाई लड़ी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ लेखक टीकाराम त्रिपाठी ने कहा कि आज का आयोजन राजनीति और सामाजिक रूप से बेहद खास है। समाज को अपने 5 दशक देने वाले अजीत जैन का सम्मान खुद इस समाज का भी सम्मान है। उन्होंने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए शहर के सभी गणमान्य लोगों को याद करते हुए कहा कि हम अपने प्रिय साथी का सम्मान करते हुए बेहद भावुक हुए हैं।
इस अवसर पर प्रगतिशील लेखक संघ के मध्य प्रदेश के महासचिव शैलेंद्र शैली, किसान सभा के प्रदेश महासचिव प्रह्लाद बेरागी, आल इंडिया शांति एवं एकजुटता संगठन के महासचिव विजेंद्र सोनी, महिला फेडरेशन की महासचिव सारिका श्रीवास्तव, आंगनवाड़ी यूनियन की महासचिव विभा पाण्डेय, एमडी त्रिपाठी, अशोक जैन पिडरुआ, यूथ फेडरेशन के अध्यक्ष मनोहर मिरोते, राहुल वासनिक, येशु प्रकाश आदि ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
इस कार्यक्रम का संचालन कयूनिस्ट पार्टी के जिला सचिव राहुल भाईजी और सचिवमंडल के सदस्य सत्यम पांडे ने किया।
इस अवसर पर सीपीआई के राज्य सचिव कॉमरेड अरविन्द श्रीवास्तव और राज्य एटक के अध्यक्ष कॉमरेड हरिद्वार सिंह सहित, एटक के सह सचिव शिव शंकर मौर्य, रूप सिंह चौहान समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों और जन संगठनों से आये हुए साथी नेतागण उपस्थित हुए।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal

