ग्वालियर किफायती दाम में मौके की जगह पर प्लॉट का झांसा देकर एक दंपती ने कोचिंग संचालक महिला से 15 लाख रुपये और व्यापार में निवेश की बात कहकर 37 लाख सहित कुल 52 लाख रुपये की ठगी की है। घटना गोला का मंदिर के पुरुषोतम विहार की है। ठगी का पता उस समय लगा जब कोचिंग संचालक ने दंपती से प्लॉट की रजिस्ट्री कराने के लिए कहा, लेकिन वह टालता रहा। संदेह होने पर मामले की पड़ताल की तो पता लगा कि उन्होंने जिस प्लॉट का सौदा किया है वह बैंक में गिरवी रखा है। इस पर दंपती से अपने रुपये वापस मांगे तो वह मुकर गए। इसके बाद महिला ने गोला का मंदिर थाना में शिकायत की, जिस पर पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज किया है।
मध्य प्रदेश के जिला धार निवासी विजेता पत्नी शैलेन्द्र त्रिवेदी कोचिंग संचालक हैं। धार में उनकी टारगेट पॉली अकादमी नाम से कोचिंग है। जहां 12वीं से बीएससी तक छात्रों को कोचिंग दी जाती है। विजेता का मायका ग्वालियर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र स्थित पुरुषोतम विहार में है। वर्ष 2006 में उनके पिता का देहांत हो गया था। इसके बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन पर आ गई। जिस कारण उनके मकान में निधि माहेश्वरी और निधि के पति बृजवल्लभ माहेश्वरी को बतौर किराएदार रखा। वृजबल्लभ प्रॉपर्टी का काम करते थे। वर्ष 2016 में निधि व वृजबल्लभ ने विजेता को मौके का प्लॉट महज 17 लाख रुपये में दिलाने का भरोसा दिलाया। प्लॉट दिखाकर एग्रीमेंट किया और 15 लाख रुपये ले लिए। कुछ दिन बाद प्लॉट की रजिस्ट्री करवाना तय हुआ। पर इसी बीच निधि महेश्वरी के पति ने अच्छे संबंध बनने पर कोचिंग संचालक से उसके व्यापार को सेट करने के लिए 8 किस्तों में 37 लाख रुपये भी ले लिए। इसके बाद दंपती मकान खाली कर किसी अन्य स्थान पर रहने लगे। कुछ दिन बाद विजेता जब भी दंपती से रजिस्ट्री के लिए कहती तो वह टालने लगते।
जिस प्लॉट का सौदा किया वह पहले से गिरवी था
काफी समय बीतने पर भी जब दंपती ने रजिस्ट्री नहीं की तो विजेता अपने पति के साथ ग्वालियर आई और प्लॉट की जानकारी जुटाई। तब पता चला कि जिस प्लॉट का उन्होंने सौदा किया है वह तो बैंक ऑफ इंडिया शिंदे की छावनी में बंधक है। आरोपित दंपती उस पर काफी लोन ले चुके हैं। इसके बाद विजेता ने अपने 37 लाख रुपये मांगे तो वह भी नहीं दिए।
रुपए मांगे तो दी धमकी
ठगी का पता चलते ही विजेजा ने दंपती आरोपितों के पास अपने रुपये मांगने पहुंची। 18 अगस्त को उन्हें आरोपितों ने धमकाया। साथ ही जो 52 लाख रुपये दिए थे उसे भूल जाने के लिए कहा। जिस पर पीड़िता गोला का मंदिर थाना पहुंची और शिकायत की।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal