ग्वालियर/डबरा
पंजाब प्रदेश में’उड़ता पंजाब’ मूवी ड्रग के नशे से बर्बाद हो रही युवा पीढ़ी पर आधारित है। लेकिन यहां डबरा शहर सहित आसपास के गांव में जगह-जगह अवैध रूप से शराब बेची जा रही है, जो नशे में धकेलकर युवा पीढ़ी को बर्बाद कर रही है। इसकी हकीकत पुलिस द्वारा आए दिन की जाने वाली कार्रवाई से सामने आ रही है। आबकारी विभाग की उदासीनता के चलते शराब ठेकेदारों ज्यादा मुनाफा कमाने के चक्कर में गांव-गांव में अवैध मयखाने खोल दिए हैं। जिम्मेदार लोग हाथ पर हाथ रखकर बैठे हैं।
उल्लेखनीय है कि डबरा शहर और ग्रामीण क्षेत्र में अवैध रूप से बेची जा रही शराब पर अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर के निर्देश पर पुलिस तथा आबकारी विभाग द्वारा कार्रवाई की जाती है और अवैध शराब को जब्त किया जाता है, लेकिन अवैध शराब का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। अवैध शराब कारोबारियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस द्वारा की जाने वाली कार्रवाई भी केवल औपचारिकता साबित हो रही है, क्योंकि कार्रवाई में नाममात्र के क्वार्टर जब्त किए जाते हैं। शराब माफिया फिर से कारोबार में सक्रिय हो जाते हैं।
ठेकेदारों की शह पर बिक रही है अवैध शराब
बताया जाता है कि पुलिस द्वारा की जाने वाली कार्रवाई के बाद भी शहर तथा ग्रामीण क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार रुक नहीं रहा है। इसके पीछे शराब ठेकेदारों की शह होना है। शहर की तंग और मलिन बस्तियों व गांव-गांव में ठेकेदार द्वारा ही अवैध शराब पहुंचाई जाती है और कमीशन पर बिकवाई जाती है। आबकारी पुलिस की निष्क्रियता के चलते शहर के कई कॉलोनियों और बस्तियों में अवैध शराब बेची जा रही है।
गांवों के साथ ढाबों पर भी परोसी जा रही अवैध शराब
शराब ठेकेदारों की मिलीभगत से शहर तथा ग्रामीण क्षेत्र के साथ हाइवे रोड स्थित ढाबों पर भी होटल संचालक द्वारा खुलेआम शराब उपलब्ध कराई जा रही है। डबरा-ग्वालियर रोड पर ये हालात आम हैं। गांवों में आसानी से मिलने वाली शराब के कारण युवा पीढ़ी को शराब की लत लगती जा रही है। इससे परिवार बर्बाद हो रहे हैं।
आबकारी प्रभारी ने नहीं उठाया फोन
शहर तथा ग्रामीण अंचल में बिक रही अवैध शराब को लेकर डबरा-भितरवार क्षेत्र के आबकारी प्रभारी अमीन खान को उनके मोबाइल नंबर पर कई बार फोन लगाया गया है। परंतु उन्होंने फोन उठाना जरूरी नहीं समझा।
बीते दिनों ने इन स्थानों से जब्त की अवैध शराब
– गत 8 अगस्त 2020 को हस्तिनापुर पुलिस ने ग्राम मोहम्मदपुर में कार्रवाई की और मोहम्मदपुर तिराहे से प्रहलाद पुत्र हीरालाल जाटव को पकड़ा और उसके पास से देशी शराब के 24 क्वार्टर बरामद किए।
– 6 अगस्त 2020 को उटीला थाना पुलिस ने ग्राम जारगा में दबिश देकर कल्लू पुत्र कम्मोद जाटव को शराब बेचते हुए पकड़ा और 23 क्वार्टर देशी शराब बरामद की।
-5 अगस्त 2020 को करहिया थाना पुलिस ने दुबहा रोड पर स्थित कब्रिस्तान के पास दबिश देकर अतर सिंह पुत्र भमन आदिवासी को शराब बेचते हुए पकड़ा और कच्ची शराब के 20 पाउच बरामद किए।
-3 अगस्त 2020 को चीनोर थाना पुलिस ने ग्राम किशोरगढ़ गढ़ी सालमपुर में दबिश देकर रतन सिंह पुत्र मंगल सिंह को शराब बेचते हुए पकड़ा और 7 लीटर कच्ची शराब जब्त की।
-27 जुलाई 2020 को सिटी थाना पुलिस ने सिंध नदी पर चेकिंग के दौरान कार क्रमांक यूपी 93- बीएच- 7527 को पकड़ा और 13 पेटी देशी शराब बरामद की।
-24 जुलाई 2020 को बिजौली थाना पुलिस ने ग्राम बेरजा में दबिश देकर ब्रजेश पुत्र गोपाल चौहान निवासी मोहम्मद सिंह का पुरा को शराब बेचते हुए पकड़ा और देशी प्लेन शराब के 34 और मसाला शराब के 4 क्वार्टर बरामद किए।
-23 जुलाई 2020 को भितरवार थाना पुलिस ने ग्राम श्यामपुर में दबिश देकर संतोष पुत्र गजेन्द्र जाट को शराब बेचते हुए पकड़ा और उसके पास 20 क्वार्टर देशी शराब बरामद किए।
-20 जुलाई 2020 को सिटी थाना पुलिस ने बुजुर्ग रोड पर दबिश देकर सतीश पुत्र प्रकाश झा को शराब बेचते हुए पकड़ा और देसी प्लेन शराब के 62 क्वार्टर बरामद किए।
-19 जुलाई 2020 को सिटी थाना पुलिस ने ढीमर मोहल्ले में दबिश ठाकुरदास पुत्र होतचंद को शराब बेचते हुए पकड़ा और उसके पास देशी प्लेन शराब के 30 क्वार्टर बरामद किए।
इनका कहना है-
शहर तथा आसपास के गांवों में चलने वाले अवैध शराब के कारोबार को बंद करने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जाती है और शराब जब्त की जाती है। अवैध शराब कारोबारियों पर नकेल कसने के लिए और अधिक सख्ती बरती जाएगी।
यशवंत गोयल, थाना प्रभारी, डबरा शहर थाना।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal