ग्वालियर-
निकटवर्ती मुरैना कैलारस थाना क्षेत्र के पचेखा गांव में खेतों तक बनाई जा रही मिट्टी की सड़क को लेकर दो गुटों के बीच लाठी-फरसे और गोली चल गई। इस झगड़े के दौरान एक बुजुर्ग के सिर में फरसा लगने से उसकी मौत हो गई। वहीं एक युवक गोली लगने से घायल हो गया।
गत 30 जुलाई को मिट्टी डालने का काम गांव के ही गोपाल सिकरवार के खेत के पास किया जा रहा था। जहां से गांव का ही गब्बर सिंह सिकरवार ट्रैक्टर से इस मिट्टी की सड़क से निकला तो ट्रैक्टर के पहियों से लगकर मिट्टी गोपाल सिंह के खेत में चली गई। जिस पर गोपाल व गब्बर सिंह के बीच मुंहवाद हुआ। तब मुुंहवाद के बाद मामला शांत हो गया था। लेकिन गत सुबह गब्बर का बड़ा भाई पदम सिंह गोपाल के घर के पास से गुजरा। उसी समय दो दिन पूर्व हुए मुंहवाद पर पदम और गोपाल के बीच फिर से विवाद हो गया। इतने में ही गोपाल व उसके एक दर्जन के करीब परिजन ने हमला कर दिया। इसी बीच वहां पदम के परिजन गब्बर सहित अन्य भी वहां पहुंच गए। इस बीच दोनों गुटों के बीच लाठी फरसे चले। इसी दौरान पदम सिंह के सिर में सीधा फरसा लगा। जिससे पदम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी बीच दोनों तरफ से फायरिंग भी शुरू हो गई। इस झगड़े के दौरान गोली गोपाल के नाती अवधेश सिकरवार के पीछे के हिस्से में लगी। जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। इस झगड़े के दौरान पदम सिंह की अस्पताल में मौत हो गई। उसके परिजन श्यामवीर, मानवेन्द्र, जयपाल व वीर सिंह लाठी फरसों के हमले में घायल हो गए। गोपाल पक्ष के रामनिवास सिकरवार, अजब सिंह सिकरवार व गोली लगने से अवधेश सिकरवार घायल हुए हैं। अवधेश को इलाज के लिए ग्वालियर रैफर किया गया है। पुलिस ने इस मामले में फिलहाल गब्बर सिंह सिकरवार की फरियाद पर गोपाल सिंह, अवधेश सिकरवार, रामनिवास सिकरवार, सोनू सिकरवार, अजब सिंह सिकरवार, राहुल सिकरवार, गौरव सिकरवार, मनोज सिंह सिकरवार, राघवेन्द्र सिंह सिकरवार, टुण्डा उर्फ विकास सिकरवार, विवेक सिकरवार के खिलाफ हत्या, बलवा, फायरिंग सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। खबर लिखे जाने तक दूसरे पक्ष की ओर से कायमी नहीं हो सकी थी।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal