ग्वालियर. ग्वालियर-चंबल अंचल में एक ही दिन में सर्वाधिक 55 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें सर्वाधिक संख्या भिंड में है। यहां तीन परिवारों के 16 सदस्यों सहित कुल 22 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दूसरे नंबर पर मुरैना है, यहां पांच व्यापारियों सहित 19 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। श्योपुर में एक संक्रमित बुजुर्ग के बेटे और नाती सहित तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ग्वालियर में 11 संक्रमित मिले हैं। इनमें एसएएफ की 14 बटालियन के दो वे जवान भी शामिल हैं, जो भोपाल में राजभवन में पदस्थ हैं। इससे पहले 6 जून काे अंचल में 43 काेराेना संक्रमिताें की पुष्टि हुई थी।
ग्वालियर के संक्रमितों में बंशीपुरा का एक ऑटो चालक भी शामिल है, जिसने मंगलवार दोपहर तक सवारियां पहुंचाई हैं। प्रशासन के सामने सबसे बड़ी समस्या यह है कि इस ऑटो चालक के ऑटो में पिछले एक सप्ताह में कितने लोग बैठे थे। इनका पता कैसे लगाए। संक्रमितों में शामिल दिल्ली से 14 दिन पहले कांच मिल में लौटा युवक अपने घर में परिजन के साथ किराने की दुकान भी चला रहा था। इस किराने की दुकान से सामान लेने वालों में भी संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है। इन 11 मरीजों को मिलाकर ग्वालियर में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 311 पहुंच गई है। इनमें से अब तक 3 मरीजों की मौत हो चुकी है।
भिंड: 3 परिवारों के 16 सदस्यों सहित 22 संक्रमित
जिले में पहली बार एक ही दिन में 22 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। तीन परिवारों के ही 16 सदस्य संक्रमित हुए हैं। वहीं 17 बटालियन में चार नए संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा शहर के महावीर गंज और बरोही गांव में भी एक-एक संक्रमित मिले हैं। इस प्रकार से जिले में अब कुल कोरोना पॉजिटिव की संख्या 173 पर पहुंच गई है। हालांकि इसमें इसमें 111 स्वस्थ्य होकर घर जा चुके हैं।
मुरैना: एक ही दिन में 19 संक्रमित मिले, 9 कंटेनमेंट जोन बने
जिले में दूसरे दिन भी काेराेना विस्फोट हुआ। मंगलवार काे काेराेना के 19 नए मरीज मिले। सबसे चिंता की बात यह है कि ज्यादातर मरीज शहर के अलग अलग इलाकाें के हैं। एक ही दिन में शहर में सबसे ज्यादा नाै कंटेनमेंट बनाए गए हैं। इनमें पांच व्यापारी हैं। ज्यादातर मरीजाें में लक्षण आने पर वे खुद ही सैंपल देने पहुंचे थे।
श्योपुर: संक्रमित बुजुर्ग के बेटे और नाती की रिपोर्ट पॉजिटिव
जिले में मंगलवार को तीन पॉजिटिव पाए गए। विजयपुर के एमपीडब्ल्यू वर्कर धर्मेंद्र भारद्वाज को कोरोना की पुष्टि हुई। इन्हें 9 जून को गढ़ी गांव में संक्रमित मिले केरल से लौटे मजदूर महेंद्र धाकड़ से संक्रमण होना बताया गया है। वहीं शहर के भैंसपाड़ा में सोमवार को पॉजिटिव पाए गए बुजुर्ग प्रेमशंकर राव का बेटा गणेश राव और नाती सूरज राव पॉजिटिव पाए गए।
ग्वालियर : राजभवन में ड्यूटी देकर लौटे दो जवान संक्रमित निकले
तिलक सिंह (55) निवासी मोहनपुर और वासुदेव सिंह (37) निवासी 14 बटालियन दाेनाें एसएएफ के जवान हैं। उनकी तैनाती राजधानी के राजभवन में है। वे 21 जून को भोपाल से लौटे हैं। दाेनाें ने अपना सैंपल दिया ताे रिपाेर्ट पाॅजिटिव आई। दिल्ली में पोहे का ठेला लगाने वाला विजय सिंह (34) निवासी कांच मिल, 21 जून को कोरोना पॉजिटिव निकले आयुष के मौसा मनोज लोधी, जोमेटो में डिलीवरी देने का काम करने वाला सती विहार कॉलोनी लधेड़ी निवासी सचिन गोयल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, 15 जून को कल्याण मुंबई से लौटीं लाला का बाजार निवासी ऊषा लोकवानी, 14 जून को अपने परिवार के साथ दिल्ली से लौटे 13 वर्षीय हिमांशु शर्मा, वृंदावन आटा कंपनी में काम करने वाले विनय नगर निवासी मुकेश बंसल, बंशीपुरा निवासी ऑटो चालक सचिन, मुरार में फल का ठेला लगाने वाला महेशपुरा निवासी राहुल सिंह और गिरवाई निवासी मीरा पवैया भी संक्रमित निकली हैं।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal