ग्वालियर/ भोपाल –
मप्र में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के दो और समाजवादी पार्टी (सपा) के इकलौते विधायक की अब भाजपा से गलबहियां बढ़ गई हैं। तीन महीने पूर्व तक कमल नाथ सरकार को समर्थन दे रहे ये तीनों विधायक अब सत्ताधारी दल भाजपा के साथ खड़े हैं। पार्टी लाइन का उल्लंघन कर राज्यसभा चुनाव में भाजपा को वोट देने पर विधायक राजेश शुक्ला को समाजवादी पार्टी ने निष्कासित कर दिया है। बसपा फिलहाल मौन और मूकदर्शक बनी हुई है।
प्रदेश में सवा साल तक सत्ता में रही कांग्रेस की कमल नाथ सरकार के दौरान सपा-बसपा ने सरकार को बाहर से समर्थन देने का निर्णय किया था, लेकिन सियासी उठापटक के बाद जैसे ही भाजपा सत्ता में आई तो तीनों विधायक संजीव सिंह कुशवाह, रामबाई परिहार (बसपा) और राजेश शुक्ला (सपा) भाजपा सरकार के साथ हो लिए। यही स्थिति निर्दलीय विधायकों की भी रही।
विश्वास मत के दौरान तो पार्टी के व्हिप की भी अनदेखी की गई, जबकि राज्यसभा चुनाव के दौरान इन तीनों ने खुलकर भाजपा का समर्थन किया। भाजपा विधायक दल की बैठक में भी शामिल हुए। ऐसे में सपा ने शुक्रवार देर शाम शुक्ला को अनुशासनहीनता के मामले में पार्टी के बाहर का रास्ता दिखा दिया।
खोने के लिए कुछ नहीं
दरअसल, मौजूदा संख्या को देखते हुए इन विधायकों पर दल-बदल कानून का कोई असर नहीं होगा। विधायकों का कोई नुकसान नहीं होगा। इसलिए उन्होंने अपने स्तर पर ही सरकार के साथ खड़े रहने का फैसला कर लिया। बसपा विधायकों के अपने स्तर पर लिए गए निर्णय से पूरी पार्टी पसोपेश में रही। प्रदेश बसपा अध्यक्ष रमाकांत पिप्पल ने तो मीडिया का सामना ही नहीं किया।
क्षेत्र के विकास की खातिर भाजपा को दिया समर्थनः संजीव सिंह
बसपा विधायक दल के नेता संजीव सिंह (संजू) ने चर्चा में बताया कि उन्होंने और पार्टी की दूसरी विधायक रामबाई ने भाजपा प्रत्याशी को ही वोट दिया है। इस संबंध में उन्हें पार्टी हाईकमान की ओर से कोई स्पष्ट निर्देश नहीं था। अपने क्षेत्र के विकास की खातिर ही दोनों लोगों ने ही यह निर्णय लिया।
इनका कहना है
राज्यसभा चुनाव में बसपा की ओर से भाजपा को समर्थन देने का निर्णय नहीं लिया गया है। भाजपा के भोज अथवा बैठक में हमारी पार्टी के विधायकों के जाने से कोई फर्क नहीं पड़ता। यही वजह है कि उपचुनाव की सभी 24 सीटों पर बसपा अपने बूते चुनाव लड़ेगी।
– अतर सिंह राव, प्रभारी बसपा मध्य प्रदेश
राज्यसभा चुनाव के संदर्भ में सपा ने कोई निर्देश नहीं दिए। विधायक ने अपने स्तर पर क्या निर्णय लिया मेरी जानकारी में नहीं है। मप्र में 24 सीटों पर होने वाले उपचुनाव के बारे में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जल्द ही अपना निर्णय सुनाएंगे।
– जगदेव यादव, प्रदेश प्रभारी, सपा मध्य प्रदेश0
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal