रिवर व्यू कॉलोनी में राजेश गुर्जर घेरकर अंधाधुंध गोलियां चलाने वालों तक 24 घंटे बाद भी पुलिस नहीं पहुंच पाई है। जबकि गत दिवसदोपहर घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। उसके सिर, गर्दन में दो गोली लगी थी। हालत घटना के बाद से ही चिंताजनक बनी हुई थी। युवक की मौत की खबर के बाद से ही मुरार इलाके में तनाव का माहौल था। शाम 4 बजे शव के पहुंचने के साथ ही पुलिस तीन थानों का फोर्स लगा दिया गया। घर से लेकर मुरार मुक्तिधाम तक पुलिस मौजूद रही।
यह थी घटना
मुरार पंचवटी कैफे के पास गरम सड़क निवासी 22 वर्षीय राजेश गुर्जर पुत्र अतेन्द्र सिंह गुर्जर मंगलवार शाम 4.30 बजे बोलेरो लेकर निकला था। रिवर व्यू कालोनी में वह पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल के बंगले के पीछे पंचर जुड़वाने रुका। तभी सेंट पॉल स्कूल की ओर से कार सवार बदमाशों ने अंधाधुंध गोलीबारी बोलेरो में बैठे राजेश पर की थी। जिसमें एक गोली उसके सिर और दूसरी गर्दन में लगी थी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया था। जहां बुधवार दोपहर उसने दम तोड़ दिया है।
6 पर एफआइआर, तलाश में दी दबिश
इस मामले में मुरार थाना पुलिस ने मृतक के भाई भूपेन्द्र की शिकायत के बाद रमेश पाल, रमेश का बेटा विनय पाल, संटू पाल, प्रदीप मावई, प्रदीप पाठक व प्रिंस अरोरा के खिलाफ पहले हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। अब घायल की मौत के बाद हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। इन सभी की तलाश में पुलिस ने मंगलवार रात से लेकर बुधवार रात तक ताबड़तोड़ दबिश दी है। 6 से 7 स्थानों पर पुलिस पहुंची है, लेकिन कोई हाथ नहीं आया है। आरोपितों पर दबाव बनाने परिजनों को थाना लाकर बैठा लिया है।
वारदात में शूटर होने का संदेह
जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया है। उससे साफ है कि पूरी तरह रैकी कर वारदात की गई है। पुलिस टीमें लगातार पूरे मामले की जांच कर रही है। वारदात में 32 बोल की पिस्टल, घेरकर अंधाधुंध फायरिंग और गोलीबारी करने की स्टायल से संदेह है कि वारदात में किसी बाहर के शूटर का भी उपयोग किया गया हो।
बाइक की जगह कार का उपयोग
शूटर्स ने बाइक की जगह कार का उपयोग किया है। अक्सर इस तरह की वारदातों में बदमाश बाइक का ही उपयोग करते हैं जिससे भागने में आसानी हो। पर इस वारदात में कार का उपयोग हुआ है। पुलिस को आशंका है कि कार का उपयोग इसलिए किया गया होगा जिससे टारगेट तक पहुंचने से पहले उन्हें कोई देख नहीं सका। साथ ही कार को चेकिंग प्वाइंट पर कोई रोकता भी नहीं है। फुटेज में भी कार जरुर दिखी है, लेकिन किसी भी शूटर नहीं दिखे हैं।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal