ग्वालियर शिवपुरी जिले के पोहरी विधायक सुरेश राठखेड़ा और करैरा विधायक जसमंत जाटव ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के अपमान से नाराज होकर इस्तीफा दिया था। इन इस्तीफों के बाद जिले की पांच में से दो विस सीटों पर उपचुनाव होगा। इन नेताओं का दावा है कि वे दोबारा चुनाव मैदान में आएंगे और बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। करैरा विधायक जसमंत जाटव ने कहा कि मैंने कमलनाथ को हिंट किया था कि सिंधिया जी से बात करते रहिए, लेकिन तब समझे नहीं, अब खामियाजा भुगत लिया।
पोहरी से विधायक राठखेड़ा ने भाजपा के प्रहलाद भारती को हराया था, जबकि करैरा विधायक जाटव ने भाजपा के राजकुमार खटीक को हराया था। अब ये इस्तीफा देन के बाद खुद भाजपा में जाने की तैयारी में हैं। बागी विधायकाें ने बताया कि हमारे नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया का मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने उपेक्षा की। उनके समर्थक विधायकों की बात नहीं सुनी जा रही थी। कमलनाथ ने छिंदवाड़ा को ही मप्र समझ लिया था। कमलनाथ के इस्तीफा देतेे ही शुक्रवार को 15 साल बाद प्रदेश की सत्ता पर काबिज हुई कांग्रेस सरकार गिर गई।
गुरुवार की रात विधानसभा अध्यक्ष ने बाकी 16 बागी विधायकों के इस्तीफे भी स्वीकार कर लिए। इससे पहले 6 विधायकों के इस्तीफे स्वीकार हो चुके थे। इन 22 में से 13 विधायक ग्वालियर, मुरैना, भिंड, शिवपुरी, दतिया के हैं। इससे पहले विधायक बनवारीलाल शर्मा के निधन से जौरा सीट पहले से ही खाली है। अब इन 14 सीटों पर उपचुनाव होंगे।
बागी या वफादार: महाराज के लिए इस्तीफा दिया, जो वे आदेश करेंगे, वो होगा
एक पल सोचे बगैर इस्तीफा के लिए हां की इमरती देवी, पूर्व विधायक, डबरा
महाराज के सम्मान के लिए यह निर्णय लिया। उन्होंने हमसे पूछा कि मैं कांग्रेस छोड़ने का निर्णय ले रहा हूं, क्या आप हमारे साथ हैं। मैंने कहा कि महाराज, मेरे पास जो भी है, वो आपका ही दिया है। किसी भी स्थिति में मैं आपके साथ हूं। मैं इस्तीफा देने को तैयार हूं। यह सुनकर महाराज ने कहा- यह है मेरा शेर। इसके बाद महाराज ने कह दिया कि तो ठीक है, आप बैंगलुरू रवाना हो जाइए। मैं अपने अन्य विधायक और मंत्रियों के साथ बैंगलुरू आ गई। हम बीजेपी से चुनाव लड़ेंगे और पहले से ज्यादा वोटों से जीतकर आएंगे।
कमलनाथ कहते थे कि मेरे सामने सिंधिया का नाम मत लिया करो: जसमंत जाटव, पूर्व विधायक, करैरा
4 मार्च को ज्योतिरादित्य सिंधिया का बुलावा आ गया था। दिल्ली पहुंचने के बाद सब स्थगित हो गया और मैं 5 मार्च को भोपाल पहुंच गया। प्रदेश में होने जा रही सियासी उठापटक को लेकर सीएम कमलनाथ को हिंट भी दी थी। सीएम हाउस जाकर कमलनाथ से स्पष्ट कहा था कि हम सिंधियाजी के सिपाही हैं, आपके नहीं हैं। आप उनसे संवाद बनाए रखिए, बात करते रहिए लेकिन कमलनाथ समझ नहीं पाए। कमलनाथ जी से जब भी सिंधिया जी की बात करो तो कहते थे कि सिंधिया जी का नाम मत लिया करो।
महाराज दुखी थे, उन्होंने पूछा- इस्तीफा देने म दिक्कत तो नहीं , मैंने कहा नहीं: रणवीर जाटव, पूर्व विधायक, गोहद
महाराज साहब का संदेश आया तो हम ग्वालियर होते हुए दिल्ली पहुंच गए। यहां पर महाराज से मिले तो वे काफी निराश और दुखी थे। हमसे उन्होंने कहा कि रणवीर कुछ बदलाव कर रहा हूं। मैंने कहा- महाराज आपका आदेश मेरे लिए अंतिम सत्य है। इसके बाद उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस छोड़ रहा हूं, क्या आप हमारे साथ हो। मैंने बिना एक पल सोचे हां कह दिया। इसके बाद हम फ्लाइट से बैंगलौर गए और वहां 12-13 दिनों से हूं। इससे पहले जब भी कमलनाथ से चर्चा की तो उन्होंने सिंधिया जी को कोई तवज्जो नहीं दी।
ओपीएस भदौरिया बोले – कांग्रेस में लगातार महाराज की उपेक्षा हो रही थी : ओपीएस भदौरिया, पूर्व विधायक, मेहगांव
लगातार महाराज की उपेक्षा की जा रही थी। पहले सीएम बनाने फिर प्रदेशाध्यक्ष बनाने की बात कही। लेकिन नहीं बनाया। राज्य सभा भी नहीं भेजना चाह रहे थे। आज जो भी हूं उनकी बदौलत हूं। जब महाराज आदेश करेंगे, तब भाजपा की सदस्यता लूंगा। पार्टी यदि टिकट देगी तो फिर से जनता के बीच उतरूंगा।
सिरौनिया ने कहा – क्षेत्र को गाेविंद सिंह और उनके दलाल चला रहे थे: रक्षा सिरौनिया, पूर्व विधायक, भांडेर
पहले कांग्रेस ने ही मुझे यह कहकर टिकट देने से मना कर दिया था कि मेरे पास पैसे नहीं हैं। हमारे नेता सिंधिया ने हमें टिकट दिलाया था। अब वही कांग्रेस मेरी ईमानदारी पर कीचड़ उछाल रही है। कांग्रेस को जवाब क्षेत्र की जनता देगी। क्षेत्र को डॉ. गोविंद सिंह व उनके दलाल चला रहे थे।
शिवराज सिंह से बात हुई थी, अब भाजपा से चुनाव लडूंगा, जनता फिर मौका देगी: ऐदल सिंह कंसाना, पूर्व विधायक, सुमावली
सुमावली के पूर्व विधायक ऐंदल सिंह कंसाना ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान से उनकी पक्की बातचीत है। वे भाजपा के टिकट पर सुमावली से चुनाव लड़ेंगे और जनता उन्हें पहले से भी ज्यादा
वोटों से जिताएगी। कमलनाथ व दिग्विजय सिंह ने किसी काे तवज्जाे नहीं दी।
22 पूर्व विधायक जो तय करेंगे, उनके साथ हूं: रघुराज कंसाना, पूर्व विधायक, मुरैना
कमलनाथ सरकार गिरने की खुशी है। अब भोपाल में बैठकर 22 पूर्व विधायक जो भी तय करेंगे, मैं उनके निर्णय में शामिल रहूंगा। कल शनिवार को भोपाल पहुंच रहे हैं। अभी भाजपा से टिकट मिलने या नहीं मिलने जैसी कोई बात किसी स्तर पर तय नहीं हुई है। आगे देखते हैं क्या होगा।
दिग्विजय ने सरकार को बना दिया था प्राइवेट कंपनी : गिर्राज डंडौतिया, पूर्व विधायक, दिमनी
हम जब भी कमलनाथ से महाराज का नाम लेकर काेई बात कहते तो वे कहते थे कि सिंधिया का नाम मत लिया कराे। कांग्रेस की सत्ता ढहाने के लिए दिग्विजय सिंह जिम्मेदार हैं। उन्होंने कमलनाथ पर कब्जा कर लिया था ताकि वह अपने बेटे, भतीजे व भाई को कैबिनेट में रख सकें। दिग्गी ने कमलनाथ सरकार काे प्राइवेट कंपनी बना दिया था।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal