भोपाल। चार दिन चला सियासी घमासान अब थोड़ा थमता नजर आ रहा है। सरकार अब विधायकों की नाराजगी दूर करने के साथ ही एक्शन मोड में भी नजर आ रही है। शनिवार को मुख्यमंत्री कमल नाथ ने मंत्रालय में अफसरों को इसके स्पष्ट संकेत दिए। डैमेज कंट्रोल करने मंत्रिमंडल का विस्तार और निगम- मंडलों में नाराज विधायकों को एडजस्ट किया जाएगा। इसकी भी सूची मुख्यमंत्री ने तैयार कर ली है। उधर सरकार गिराने की भूमिका में रहे भाजपा विधायकों पर भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विधायकों का असंतोष दूर करने उनकी अनुशंसाओं पर काम भी तेजी से शुरू हो गए हैं। भाजपा करा सकती है, फ्लोर टेस्ट 16 मार्च से शुरू होने जा रहे विधानसभा सत्र और 26 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव पर सभी की निगाहें हैं। भाजपा उस दौरान फ्लोर टेस्ट और राज्यसभा में दो सीटें जीतने की रणनीति पर काम कर रही है। भाजपा की रणनीति है कि वह इसका फायदा कांग्रेस के उन नाराज विधायकों को अपने पक्ष में कर उठा सकती है। इससे निबटने के लिए सीएम कमल नाथ और दिग्विजय सिंह ने काम शुरू कर दिया है।
तीन नाराज विधायकों से दिग्विजय की बात
सूत्रों ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने शनिवार को पार्टी और सरकार से नाराज चल रहे विधायक बिसाहूलाल सिंह, हरदीप सिंह डंग और रघुराज कंसाना से फोन पर बात की। इन विधायकों ने दिग्विजय को आश्वासन दिया कि वे जल्द वापस आ जाएंगे। यह विधायक बेंगलुरू में हैं। आरोप है कि भाजपा ने इन्हें बंधक बना रखा है।
शेरा मंत्री बनेंगे या नहीं सस्पेंस छोड़ गए भनोत
भोपाल। मुख्यमंत्री निवास के बाहर निकलने पर शेरा खुश नजर नहीं आए, लेकिन मंत्री बनाने के सवाल पर शेरा ने तरुण भनोत को चेताया। कहा- अब आप बताओ न क्या करने वाले हो। शेरा को मंत्री बनाने के सवाल पर भनोत ने कहा कि वक्त आने पर बता देंगे। बेंग्लुरु में शेरा को रोकने के मामले में कानूनी कार्रवाई करेंगे। जब हम तय कर लेंगे तब हम बता देंगे की शेरा को मंत्री कब बनाएंगे। बाद में शेरा ने कहा कि मैं सरकार के साथ हूं।
शेरा से नहीं मुझसे करें सवाल: भनोत
बंधक वाले सवाल पर वित्त मंत्री तरुण भनोत मीडिया के सामने तल्ख अंदाज में दिखे। उन्होंने इशारों में शेरा को कम बोलने को कहा और मीडिया से कहा कि आप शेरा से क्यों पूछ रहे हो आपको जो भी पूछना है मुझसे पूछो। शेरा हमारे साथी हैं, हर समस्या का निदान होगा। भनोत ने कहा-उन्हें बंधक बनाया गया था। शेरा ने कहा मैं सरकार के साथ हूं।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal