दमोह- मंदिर और गोमाता का श्राप लगने से भाजपा की राज्य सरकार चली गई। वर्तमान में कमलनाथ सरकार है जिसमें माफिया और गुंडाराज नहीं चलेगा। शिवराज का तो पूरा परिवार अवैध उत्खनन में लिप्त था। भाजपा सरकार की 15 साल की गंदगी को साफ करने में समय तो लगेगा। यह आरोप राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त नदी न्यास के अध्यक्ष कंप्यूटर बाबा ने लगाए हैं।
वे जिला प्रशासन के अधिकारियों की बैठक लेने दमोह पहुंचे। इसके पहले सर्किट हाउस पर पहुंचकर उन्होंने मीडिया के सवालों के जवाब देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने उन्हें नदियों से अवैध उत्खनन रोकने और पौधरोपण कर हरियाली फैलाने की जवाबदारी दी है जिसे वे बखूबी निभाएंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री पर आरोप लगाते हुए कंप्यूटर बाबा ने कहा कि शिवराज सिंह धर्म से अधर्म की ओर जाने लगे थे। नदियों से बहुत बड़े स्तर पर अवैध उत्खनन कि या गया। संतों की बात नहीं सुनते थे, मठ, मंदिर विरोधी कार्य करते थे। इसलिए मप्र के संतों ने जनता से अपील कर शिवराज सरकार को बाहर कर दिया।
कंप्यूटर बाबा ने कहा कि पूर्व सीएम ने गोमाता के लिए कुछ नहीं किया। इस कारण भाजपा सरकार सत्ता से चली गई। बाबा से पूछा गया कि आप भी कांग्रेस नेताओं के निशाने पर रहते हैं। इस पर उन्होंने कहा कि सत्य बोलने वाला किसी की परवाह नहीं करता। उन्होंने कहा कि कमलनाथ का संकल्प है कि मप्र भूमाफिया और गुंडाराज से मुक्त रहेगा। कांग्रेस सरकार का वचन है कि इस प्रदेश की नदियां कल-कल करते हुए बहेंगी और नदियों के किनारे पौधरोपण भी होगा।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal