ग्वालियर।
मोतीझील शिव नगर पर एक तीन मंजिला मकान चोरी की बिजली से रोशन था। बिजली कंपनी की टीम ने नाम, पता पूछा तो किसी ने कुछ नहीं बताया। जब तार काटना शुरू किया तो मकान मालिक ने इंजीनियर को धक्का देकर गिरा दिया। मारपीट करने के साथ ही लट्ठ लेकर टीम के पीछे दौड़ा। बिजली कर्मचारियों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भादवि की धारा 353, 294, 332, 506, 34 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
ट्रांसपोर्ट नगर जोन के प्रबंधक हिमांशु शर्मा के नेतृत्व में मंगलवार को बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही थी। इस दौरान जब टीम शिव नगर मोतीझील पहुंची तो यहां पर तीन मंजिला मकान में कोई वैध कनेक्शन नहीं मिला। तार डालकर बिजली चोरी की जा रही थी। बाहर खड़े लोगों से बिजली कनेक्शन के बारे में पूछा तो किसी ने कुछ नहीं बताया। टीम ने जब तार काटना शुरू किए तो गजेन्द्र सिंह पुत्र जबर सिंह गुर्जर ने हमला कर दिया। प्रबंधक को धक्का देकर गिराने के बाद हाथापाई शुरू कर दी। बिजली कर्मचारी कुछ करते इसके पहले ही आरोपित लट्ठ लेकर टीम के पीछे दौड़ा। जैसे तैसे भागकर बिजली विभाग के कर्मचारी बहोडापुर थाने पहुंचे। जहां आरोपित के खिलाफ आवेदन देकर एफआईआर कराई गई है।
एचटी से चला रहा था एलटी कनेक्शनः-तानसेन नगर इंडस्ट्रियल एरिया में भी बिजली कंपनी ने कार्रवाई की है। यहां पर प्रेम नारायण शिवहरे के द्वारा एचटी कनेक्शन से एलटी कनेक्शन चलता हुआ पाया गया है। धारा 126 में प्रकरण बनाकर पंचनामा बनाया गया और 3 लाख की बिलिंग की कार्रवाई की गई है।
घासमंडी, शीलनगर में हुई चैकिंगः-घासमंडी एवं शील नगर में बिजली कंपनी की टीम ने 5 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी के प्रकरण बनाए हैं।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal