
- यात्रा से जुड़े कार्यक्रम के लिए विभागवार जिम्मेदारी का कराया कर्तव्यबोध
बलिया: इसी 27 जनवरी से गोपालपुर घाट से शुरू होने वाली गंगा यात्रा की तैयारियों की समीक्षा मंडलायुक्त कनक त्रिपाठी ने बुधवार को किया।
उन्होंने विभागवार होने वाले कार्य की जानकारी सम्बंधित अधिकारी से लीं।
कमिश्नर ने कहा कि गंगा किनारे स्थित 41 ग्राम पंचायतों में 25 से 31 जनवरी तक विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाए। इसके अलावा सरकार की योजनाओं से जुड़े सभी विभाग अपना-अपना स्टाल लगाएंगे। कमिश्नर श्रीमती त्रिपाठी ने प्रत्येक ग्राम पंचायतों में दो-दो हजार फलदार वृक्ष वितरित करने का निर्देश डीपीआरओ को दिया। यह भी कहा कि 41 ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई की व्यवस्था के साथ चबूतरा बनवाया लिया जाए। बैठक में बताया गया कि पंचायत राज विभाग द्वारा जागरूकता के लिए बाइक रैली निकाली जाएगी। गंगा यात्रा कार्यक्रम में सहभागिता के क्रम में 600 पूर्व माध्यमिक विद्यालय एवं 39 प्राथमिक विद्यालय शामिल है।
पुलिस की ओर से रहेगी चुस्त-दुरुस्त व्यवस्था: एसपी
एसपी देवेंद्र नाथ ने बताया कि एक जोन और दो सेक्टर में बाटा गया है। यात्रा के पूरा रास्ते में सुरक्षा व यातायात से जुड़ी चुस्त दुरुस्त व्यवस्था सुनिश्चित होगी। जगह- जगह पर पुलिस, पीएसी बल भी तैनात रहेगी। कमिश्नर कनक त्रिपाठी ने नगर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया कि जनपद में जितने पुराने होर्डिंग, बैनर लगे हैं उसको तत्काल हटवाएं। बैठक में जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही, पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र नाथ, सीडीओ बद्रीनाथ सिंह, एडीएम रामआसरे, नगर मजिस्ट्रेट बृज किशोर दुबे, एसडीएम रसड़ा विपिन कुमार जैन व जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
ग्राम गंगा समिति के सदस्यों के साथ की चर्चा
बलिया: गंगा यात्रा की तैयारियों समीक्षा करने आयीं मंडलायुक्त श्रीमती कनक त्रिपाठी ने ग्राम गंगा समिति के सदस्यों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में इस समिति का भी अहम योगदान है। बैठक में गंगा किनारे की पांच विकास खण्डों के 41 ग्राम पंचायतों से जुड़ कई बिंदुओं पर चर्चा की गयी। इससे पहले जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही ने गंगा यात्रा की पूरी तैयारियों से अवगत कराया और ग्राम गंगा समिति द्वारा किया जाना है, इसकी विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में कमिश्नर श्रीमती त्रिपाठी ने सभी बीडीओ, लेखपाल, सचिव को निर्देश दिया कि समस्त 41 ग्राम पंचायतों में भूमि चिन्हित कर लिया जाए। अगर कहीं अतिक्रमण हो तो सख्ती से हटवा दें। तलाब, खेल का मैदान व गंगा उद्यान के सम्बन्ध में भी जानकारी ली। हर ग्राम पंचायत में खेल के मैदान पर होर्डिंग लगाकर उद्घाटन कराया जाय। ग्राम विकास विभाग की तरफ से मनरेगा के आजीविका मिशन से प्रत्येक गांव में बैनर लगेंगे। प्रधानमंत्री आवास योजनांतर्गत गंगा किनारे की हर ग्राम पंचायत में चाभी का वितरण किया जाएगा।
ओडीएफ पर दिखीं सख्त
- कमिश्नर ने सीडीओ से कहा कि अगर ओडीएफ गांव करने में कोई लापरवाही मिले तो सम्बंधित अधिकारी के विरुद्ध शासन स्तर से कार्रवाई के लिए पत्र भिजवाएं। शौचालय निर्माण की प्रगति में अब ढिलाही बरतने वालों पर सीधे कार्रवाई करें। ओडीएफ ग्राम के बारे में फिलहाल का अपडेट उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि जिन ग्राम पंचायतों से गंगा नदी में नाला जा रहा है, ग्राम गंगा समिति उसके लिए कोई उपाय करें।
अच्छे कार्य करने वाले होंगे पुरस्कृत
मंडलायुक्त कनक त्रिपाठी ने सभी से कहा कि गंगा यात्रा में जो अधिकारी/कर्मचारी अच्छा कार्य करेंगे, उनको पुरस्कृत किया जाएगा। ग्राम गंगा समिति के सभी ग्राम प्रधान से कहा कि गांवों में प्लास्टिक इकट्ठा हो तो उसे फैलने नहीं दें। एक अभियान चलाकर गड्ढा खुदवाकर उसमें डलवाएं। बैठक में डीएम श्रीहरि प्रताप शाही, एडीएम रामआसरे, एसडीएम सदर असली त्रिपाठी एसडीएम बेल्थरा राजेश यादव डिप्टी कलेक्टर सर्वेश यादव व मोतीलाल यादव, गंगा किनारे के ब्लॉक के बीडीओ, पंचायत सचिव व ग्राम प्रधान मौजूद थे।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal