ग्वालियर मार्क गौशाला नगर निगम द्वारा संचालित में ठंड से 14 गायों की मौत हो गई है। निगम कर्मचारियों ने गौशाला में ही जेसीबी से गड्ढा खोदकर 6 गायों को दफना दिया। वहीं दूसरा गड्ढा खोदकर 8 गायों को एक साथ दफनाने की तैयारी की जा रही थी, तभी बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मार्क गौशाला में वर्तमान में लगभग 2000 गाय हैं। लेकिन इन गायों को सर्दी से बचाने के लिए अब तक कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। सर्दी के कारण रविवार रात को 14 गायों की मौत हो गई। इन गायों को गौशाला में कार्य कर रहे निगम के कर्मचारियों ने जेसीबी से गड्ढा खोदकर उसमें 6 गायों को दफना दिया।
इसके बाद निगम कर्मचारी दूसरा गड्ढा खोद रहे थे तभी बजरंग दल विभाग संयोजक मनोज रजक, भरत राजपूत सहित कई कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को देखकर कर्मचारियों ने अपना काम रोक दिया।
मौके पर पहुंचे निगमायुक्त संदीप माकिन ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से कहा कि गाय पालना हमारा काम नहीं है, गायों को तुम अपने घर ले जाओ। निगमायुक्त की इस बात पर गौसेवकों में आक्रोश है। गायों के मरने की सूचना मिलने पर कलेक्टर अनुराग चौधरी ने मौके पर जिला प्रशासन की टीम को पहुंचाया और सारी जानकारी एकत्रित की। वहीं सीएसपी भी मौके पर पहुंचे।
बढ़ सकती है गायों के मरने की तादाद
गौशाला में सर्दी से बचाव के इंतजाम नहीं होने के कारण गायों के मरने की संख्या और बढ़ सकती है। क्योंकि आने वाले दिनों में सर्दी और अधिक बढ़ेगी।
एसडीएम ने दिया पोस्टमार्टम का आदेश
प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने से नाराज बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर ही धरने पर बैठ गए। सुबह 10 से प्रारंभ हुआ जो शाम 6 बजे तक चला। इस दौरान मौके पर पहुंची एसडीएम पुष्पा पुषाम ने मृत गायों के पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया। साथ ही दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, इसके बाद धरना समाप्त हुआ।
कुत्तों ने नोच खाए गायों के शव
बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने कि गौशाला के अंदर मृत गायों के शवों को कुत्ते नोच कर खा रहे थे। कुत्तों द्वारा शवों को खाते देख दल के कार्यकर्ताओं ने उन्हें भगाया।
इनका कहना है
गौशाला में गायों की मौत हुई है। यह मौत सर्दी, पॉलीथीन खाने अथवा बीमारी से भी हो सकती है। मौत के असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा। गौशाला में कई बार प्रवचन होते हैं साथ ही विभिन्न् सोशल साइडों पर भी डाला गया है कि गायों को दफनाने से कुछ माह बाद खाद तैयार हो जाता है, इसीलिए कर्मचारी गायों को दफना रहे थे। वहां पर पौधारोपण किया जाता। हालांकि इस बात की जानकारी कर्मचारियों ने निगम को नहीं दी थी।
केशव चौहान, नोडल अधिकारी गौशाला
गौशाला में गायों की मौत का कारण पता करने के लिए पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया है। मामले की जांच कराई जा रही है, जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।
पुष्पा पुषाम, एसडीएम
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal