ग्वालियर- सड़कों पर घूमने वाले आवारा जानवरों के कारण लोग परेशान हैं। आए दिन कोई न कोई दोपहिया वाहन चालक आवारा पशुओं के कारण चोटिल हो रहा है, इसके बावजूद नगर निगम गंभीरता से समस्या को दूर करने का प्रयास नहीं कर रहा है। शहर के लगभग हर प्रमुख मार्गों के अलावा कॉलोनियों में भी आवारा जानवर विचरण करते रहते हैं, जिससे बच्चों को हादसे का खतरा बना हुआ है।
शहर के थाटीपुर क्षेत्र में कुम्हरापुरा से लेकर थाटीपुर चौराहे तक दिन हो या रात आवारा गाय, सांड बीच सड़क पर बैठे रहते हैं। दोपहिया वाहन चालकों को इनसे बचकर निकलना पड़ता है। सर्वाधिक परेशानी रात में होती है। सड़क के बीचों-बीच बैठे गाय और सांड अचानक दौड़ लगा देते हैं, जिससे कई बार वाहन चालक बचने के चक्कर में फिसलकर गिर चुके हैं। कुछ दिनों पूर्व कुम्हरापुरा निवासी मन्नू साहू रात में अपने घर जा रहे थे। वे एक्टिवा पर सवार थे, इसी बीच थाटीपुर सब्जी मंडी के पास एक गाय दौड़कर आई और उनके वाहन से टकरा गई। मन्नू फिसलकर गिरे और उनके सिर में गंभीर चोट आई। यह समस्या पूरे शहर में बनी हुई है। लोगों का कहना है कि नगर निगम को अभियान चलाकर आवारा जानवरों को पकड़ना चाहिए।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal