ग्वालियर-
शिवपुरी जिला अस्पताल में भर्ती एक मरीज की मौत के बाद उसका शव 5 घंटे तक बेड पर पड़ा रहा। शव की आंखों पर चींटियां रेंगती रहीं। वार्ड में भर्ती दूसरे मरीजों ने डॉक्टर और नर्सों को सूचना दी, लेकिन उन्होंने इसे अनदेखा कर दिया। मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सिविल सर्जन समेत 7 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया।
क्या है पूरा मामला
फक्कड़ कॉलोनी निवासी 50 वर्षीय बालचंद्र लोधी को रविवार पेट में तकलीफ के चलते जिला अस्पताल में भर्ती हुआ था। परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं, इसलिए पत्नी सोमवार की रात बच्चों की देखभाल के लिए घर चली गई। वार्ड में भर्ती मरीज अशोक राठौर ने बताया कि बालचंद्र के शरीर में मंगलवार सुबह 6 बजे से कोई हलचल नहीं दिख रही थी।
सुबह 8.30 बजे ड्यूटी डॉक्टर के आने से पहले नर्स मरीजों के पर्चे देने आई, तो अशोक ने उसे बालचंद्र के बारे में जानकारी दी, लेकिन नर्स दूर से देखकर चली गई। 9.30 बजे दूसरी नर्स भी दूर से ही देखकर चली गई। इसके बाद सुबह 10 बजे ड्यूटी डॉक्टर दिनेश राजपूत वार्ड में पहुंचे, तो वे भी दूर से देखकर चले गए। उन्होंने अन्य मरीजों को भी नहीं देखा।
इसके बाद वार्ड में भर्ती किसी मरीज ने बालचंद्र की पत्नी रामश्री बाई को फोन किया। सुबह 11 बजे रामश्री अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने पति की आंखों से चींटियों को हटाया। उन्होंने बिलखते हुए कहा, “देह को कम से कम कपड़े से सुरक्षित ढंक तो देते।” परिवार के लोग राेते-रोते शव को ले गए।
पीड़ा हुई कि अस्पताल में शव को ढंका तक नहीं गया
मृतक की पत्नी रामश्री बाई ने बताया कि मुझे तो अस्पताल से फोन पहुंचा। आकर देखा तो पति की आंखों पर चीटियां जमी थीं। यह देखकर पीड़ा हुई कि अस्पताल में उनके शव को ढंककर तक नहीं रखा गया।
मुख्यमंत्री ने जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सिविल सर्जन डॉ. पीके खरे और ड्यूटी रूम डॉ. दिनेश राजपूत, स्टाफ नर्स रेवती सूर्यवंशी, प्रियंका बिहारे, अलका गुप्ता, वार्डबॉय संजय शर्मा और सुरक्षा गार्ड केशव रावत को निलंबित कर दिया गया है। इन सभी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिये गये हैं।
मामला गंभीर, जांच कराकर कार्रवाई करूंगा
शिवपुरी के सीएमएचओ डॉ. एएल शर्मा ने कहा कि यह मामला गंभीर है। मरीज के साथ संवेदना होनी चाहिए। किसने क्या लापरवाही की है, मैं मामले की पूरी जांच कराऊंगा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करूंगा।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal