ग्वालियर
एक दुष्कर्म पीड़िता युवती ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। युवती को पिछले दाे महीने से आरोपी के परिजन राजीनामा करने के लिए धमका रहे थे। गत शाम को भी आरोपी की मां पीड़िता के घर आई और उसे जान से मारने की धमकी दी। इससे परेशान युवती ने गत दोपहर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के परिजनों ने आरोपी के परिजनों को मौत का जिम्मेदार ठहराया है। घटना जनकगंज इलाके की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
जनकगंज इलाके की रहने वाली एक युवती के साथ उस्मान खान निवासी घोसीपुरा ने दुष्कर्म किया था। युवती ने जून में जनकगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद जनकगंज थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। घटना के बाद से ही उस्मान के परिजन युवती व उसके परिजनों पर राजीनामा करने के लिए दबाव बना रहे थे। 20 अगस्त को भी युवती को यह कहकर धमकाया था कि अगर राजीनामा नहीं किया तो जान से मार देंगे। इस मामले में जनकगंज थाने में पीड़िता ने शिकायती आवेदन दिया। 18 अक्टूबर को फिर से कोर्ट में पेशी थी। इसके चलते शुक्रवार शाम को उस्मान की मां मुन्नी उसके घर पहुंची। यहां युवती और उसके परिजनों को फिर धमकाया। युवती तभी से परेशान थी। शनिवार दोपहर में उसने खाना खाया और इसके बाद कमरे में जाकर फांसी लगा ली। मृतका के पिता ने बताया कि 20 अगस्त को जनकगंज थाने में शिकायती आवेदन दिया था, लेकिन पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया। लगातार इस मामले में इन लोगों की तरफ से धमकी मिल रही थी, लेकिन पुलिस ने एक बार इनके घर जाकर पूछताछ तक नहीं की।
कार्रवाई की जाएगी
अगर आरोपी के परिजन मृतका और उसके परिजनों को परेशान कर रहे थे तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। मेरे संज्ञान में नहीं है कि इन लोगों ने शिकायती आवेदन थाने में दिया था। ज्ञानेंद्र सिंह, टीआई, थाना जनकगंज
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal