शिवपुरी-कोलारस थाना अंतर्गत फोरलेन हाइवे पर शाम 4:30 बजे पूरनखेड़ी टोल प्लाजा के पास दो कंटेनर के बीच दबे ऑटो में सवार छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों में सेवानिवृत्त दो शिक्षक भाइयों सहित कॉपरेटिव बैंक के लेखपाल शामिल हैं। हादसे में कंटेनर चालक सहित दो अन्य लोग गंभीर हालत में हैं। इनमें से दो को ग्वालियर रेफर किया गया है। आगे खड़ा कंटेनर मौके से भाग निकला था।
टक्कर से पिचक गया ऑटो, चिपककर रह गए लोग
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार कोलारस से देहरदा की ओर जा रहा ऑटो हाइवे पर मोहराई गांव जाने वाले रास्ते के निकट सवारी उतार रहा था तभी शिवपुरी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उसमें टक्कर मार दी। ऑटो कंटेनर के साथ घसिटता हुआ, आगे खडे दूसरे कंटेनर में जा घुसा।
हादसा इतना वीभत्स था कि ऑटो में सवार लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही कंटेनर की टक्कर से चंद सेकेंड में फाइव सीटर ऑटो आगे खडे कंटेनर से टकराकर पूरी तरह से चिपक गया और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। स्थिति यह बनी कि स्थानीय लोगों को ऑटो को तोड़कर लाशें व घायलों को बाहर निकालना पड़ा। मौके पर तत्काल 2 क्रेन, 3 एंबूलेंस पहुंच गई। वहीं फोरलेन की गुना की ओर जाने वाली लेन भी बंद कर दी गई ताकि घायलों को तत्काल इस लेन के जरिए अस्पताल पहुंचाया जा सके।
हादसे में इनकी हुई मौत
हादसे में जिन 6 लोगों की मौत हुई है, उनमें ऑटो चालक चंपालाल (35) पुत्र सुल्तान जाटव निवासी उकायला, सेवानिवृत्त शिक्षक मोहन गोयल व उनके भाई हरविलास गोयल निवासी लुकवासा, अरविंद (18) पुत्र राजेन्द्र धाकड़ निवासी रांची कोलारस के नाम शामिल हैं। कॉ-आपरेटिव बैंक के लेखपाल माखन रघुवंशी पुत्र अमर सिंह निवासी रिजौदा ने अस्पताल में दम तोड़ा। एक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। 5 लोगों के शव बुरी तरह क्षतविक्षत हो गए हैं।
यह लोग हुए घाय
ट्रक चालक मोहम्मद अरशद पुत्र सलीम निवासी भोपाल, ऑटो सवारों में शामिल रमेश चंदेल निवासी लुुकवासा, दिनेश पुत्र काशीराम जाटव निवासी पनवारी घायल हुए हैं, इनमें से रमेश और दिनेश को ग्वालियर रेफर कर दिया गया है
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal