ग्वालियर-
शीतलामाता के दरबार से अच्छे बदलाव की खबर आई है। खबर मिलावटखोरी के खिलाफ चल रहे अभियान को लेकर है। लाखों लोगों की आस्था का केंद्र सातउं का शीतला माता मंदिर जहां खुद दुकानदारों ने बदलाव करके दिखाया है। ठीक एक साल पहले जब फूड एंड सेफ्टी टीम के अधिकारी यहां पहुंचे थे तो जलेबी, पानी की टिक्की, पोहा, प्रसाद से लेकर रेड़ी, ठेले और दुकानों पर मिलने वाले खानपान के सामान में अमानक रंगों का जमकर उपयोग हो रहा था।

नतीजन सैंपलिंग हुई और चेतावनी दी गई। जब फूड सेफ्टी टीम यहां पहुंची तो पानी की टिक्की हो या जलेबी, प्रसाद हो या पोहा रंगों का कोई उपयोग नहीं था। चंद ठेले या दुकानदार जो थे,उन्होंने भी ऐसा न करने का भरोसा दिलाया, यह भी कहा कि कम बेच लेंगे,पर मिलावट नहीं करेंगे। 80 फीसदी दुकानदारों में पिछले एक साल में यह बदलाव आ चुका है।
शिवपुरी लिंक रोड से अंदर की ओर सातउं गांव के पास शीतला माता मंदिर है जहां नवरात्रे के चलते इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्वालु पहुंच रहे हैं। यहां दूर दराज से श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। शीतला माता मंदिर आने से पहले ही परिसर व मार्ग में प्रसाद, खानपान, सामग्री की ढेरों दुकानें हैं।
इसके अलावा फुटपाथी, ठेले वाले यहां जमा हो जाते हैं। माता के मंदिर से पहले यहां मेला जैसा ही लगता है जिस कारण आसपास के लोग आते भी हैं। यहां 100 करीब दुकानें प्रसाद-खानपान की हैं जिनकी बड़ी खपत है।
मिलावट का बेचोगे तो पाप लगेगा
रविवार से पहले वाली कार्रवाई में भी शीतला माता मंदिर फूड एंड सेफ्टी टीम निरीक्षण के लिए गई थी। इसी दौरान एक दुकानदार ने अपने खाद्य पदार्थ की जांच कराने के दौरान यह कहा भी था कि प्रसाद हो या खानपान की चीज, इसमें मिलावट करेंगे तो कहां जाएंगे पाप लगेगा, माता के प्रांगण में ऐसा किसी को नहीं करना चाहिए। फूड सेफ्टी टीम के सामने दुकानदार की इस भावना को दूसरे दुकानदारों ने भी सुना और यह सुनिश्चित किया कि अब रंग या मिलावट भूलकर भी नहीं करेंगे।
सुधार दिखाः 80 फीसदी दुकानों पर बदलाव
रविवार को फूड ऑफिसर लखनलाल कोरी और निरूपमा शर्मा की टीम शीतला माता मंदिर पहुंची। यहां करीब 20 प्रसाद व खानपान दुकानों को चेक किया तो पाया कि खाने पीने की चीजों में पिछली साल की तरह रंग नहीं था। कुछ ही नई दुकानें ऐसी थीं जिन्होंने अभी सुधार नहीं किया, 80 फीसदी करीब दुकानों पर रंग मिलावट जैसी स्थिति नहीं थी।
दुकानदारों में दिखा बदलाव
शीतला माता मंदिर परिसर पर बनी दुकानों पर दुकानदारों ने अब रंगों का उपयोग खानपान की चीजों में करना बंद कर दिया है,पिछले साल यहां रंगों का काफी उपयोग दिखा था, सैंपलिंग भी हुई। इस बार 80 फीसदी दुकानों पर सुधार हमें दिखा। यह अच्छा बदलाव है। निरूपमा शर्मा, फूड सेफ्टी ऑफिसर
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal