ग्वालियर-भिंड के सुरपुरा थाना क्षेत्र के रमा गांव में मायके में रह रही पत्नी को उसके पति ने गोली मार दी। गोली लगने से महिला गंभीररूप से घायल हो गई। महिला को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गोली चलाने के बाद पति मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार पति-पत्नी में आए दिन विवाद होते रहते थे। विवाद के दौरान पति अपनी पत्नी से मारपीट करता था।इस बात से तंग आकर महिला मायके में आकर रहने लग गई, मगर पति अपनी पत्नी को लेने के लिए पहुंचा। इस दौरान जब पत्नी ने साथ चलने से इन्कार कर दिया तो पति उससे विवाद करने लगा।

विवाद बढने पर पति ने रिवॅाल्वर चला दी। जिसकी गोली पत्नी को लग गई। गोली लगने से पत्नी घायल हो गई और कुछ ही देर में घटनास्थल पर ही गिर गई। यह देखकर और महिला के सिर से खून निकलता देख पति घबरा गया और वह मौके से भाग निकला।
इसी बीच गोली चलने की आवाज घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों ने सुनी तो वे दौड़कर महिला के घर की ओर पहुंचे। महिला को खून में लथपथ देखकर लोगों ने महिला को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को घटना की सूचना दी।
जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया। पुलिस पति की तलाश कर रही है, जबकि महिला को उपचार दिया जा रहा है।

बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal