ग्वालियर . भू-अभिलेख आयुक्त कार्यालय के तीन साल से निलंबित क्लर्कसंजय भागवानी के दो ठिकानों के साथ उनके साले के फ्लैट पर लोकायुक्त पुलिस ने छापा मारा।

द्वारिकापुरी स्थित तीन मंजिला मकान पर सुबह 5.30 बजे जब टीम पहुंची तो अाधा घंटे तक संजय ने दरवाजा ही नहीं खोला। बाद में टीम जब भीतर पहुंची तो वहां अलमारी में कुछ नहीं मिला, लेकिन टीम की नजर छत की तरफ जाने वाले रास्ते पर पड़ी तो वहां हल्की बारिश के कारण पैरों के कुछ निशान दिखे।
इनके सहारे टीम छत पर पहुंची। यहां पानी की टंकी में एक कपड़े की पोटली में गहने रखे मिले। कुल 50 लाख रुपए के गहने व सामान, 31.54 लाख की पांच संपत्तियों की रजिस्ट्रियां और 10 बीमा पॉलिसी मिली हैं। संजय भागवानी और उसका साला गौरव सचदेवा सितंबर 2016 में हुई चोरी से सुर्खियों में आए थे। पहले इन्होंने चोरी की रकम साढ़े चार लाख रुपए लिखाई थी, बाद में यह बढ़कर 2.50 करोड़ हो गई थी।
मामला पड़ाव थाने में दर्ज हुआ था। इस मामले की जांच लोकायुक्त पुलिस कर रही थी। लोकायुक्त पुलिस के डीएसपी धर्मवीर सिंह भदौरिया, निरीक्षक कविंद्र चौहान व अाराधना डेविस के नेतृत्व में टीम ने सुबह 5.30 बजे गांधी नगर, द्वारिकापुरी एवं सिल्वर साइन अपार्टमेंट में एक साथ छापा मारा। संजय ने घर का दरवाजा नहीं खोला तो टीम ने उनके पड़ोस में रहने वाले उसके साले गौरव से फोन करवाकर दरवाजा खुलवाया।
बेहिसाब कमाई… संपत्ति व जेवर के अलावा नकद रुपए भी मिले
02 करोड़ रुपए कीमत के दो मकान
384 ग्राम सोना, 475 ग्राम चांदी
37 लाख का घरेलू सामान
31.54 लाख की पांच रजिस्ट्री
10 बीमा पॉलिसी 26 हजार रुपए नकद
तीन साल पूर्व संजय के भतीजे ने ही की थी चोरी : संजय भागवानी के गांधीनगर स्थित पुश्तैनी मकान से सितंबर 2016 में 2.50 करोड़ रुपए की चोरी हुई थी। संजय ने 3-4 दिन बाद पड़ाव थाने मंें 4.50 लाख रुपए व गहने की चोरी का मामला दर्ज कराया था। चोरी का संदेह संजय ने अपने भतीजे नितिन भावनानी व उसके दोस्त पर जताया था। बाद में इस मामले में नितिन भावनानी, रवि प्रजापति, वैभव गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। इनसे अलग-अलग किस्तों में 1.48 करोड़ रुपए बरामद किए गए। बाद में संजय व उनके परिजन ने 2.50 करोड़ की चोरी होने की बात कुबूल की थी।
साले ने खुद के बताए थे 1.25 करोड़ रुपए : जांच में संजय भागवानी के साले गौरव उर्फ प्रदीप ने बताया था कि 1.25 करोड़ रुपए उसके थे अौर शेष रकम उसने उधार ली थी। संजय ने 4.50 लाख रुपए अपने बताए थे। गौरव अाय साबित नहीं कर सका। उसने 1.20 करोड़ रुपए सात लोगों से उधार लेना बताया, लेकिन वह सिर्फ एक व्यक्ति को सामने लाया, जिसने 5 लाख रुपए उधार देना बताया। लोकायुक्त ने संजय भागवानी उसकी पत्नी और गौरव के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला गुरुवार को दर्ज किया।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal