ग्वालियर –
रिश्वत लेकर हत्या व कार लूटने वाले बदमाशों को छोड़ने के मामले में जांच
ग्वालियर -दतियातत्कालीन सिटी कोतवाली थाना प्रभारी शेर सिंह की ओर से रिश्वत लेकर हत्या व कार लूटने वाले बदमाशों को छोड़ने के मामले में जांच करने के लिए ग्वालियर एएसपी सतेन्द्र सिंह तोमर दतिया कोतवाली पहुंचे।
टीआई शेर सिंह को कोर्ट के आदेश पर दो दिन पहले ही निलंबित कर दिया गया है। निलंबन के बाद टीआई शेर सिंह बयान देने के लिए जांच टीम के सामने नहीं आए। पता चला है कि निलंबन के बाद से वे गायब हैं। एएसपी ने आरोपी के पिता से भी चर्चा की, इस दौरान चर्चा की वीडियो रिकॉर्डिंग भी अधिकारियों ने की। आरोपी के पिता ने कबूल किया की बेटे को छोड़ने के लिए टीआई को 2 लाख रुपए दिए थे। लकिन वह लिखित में बयान देने से मुकर गया।
जानकारी के अनुसार 2 माह पूर्व ग्वालियर की स्टेशन बजरिया से दतिया जाने के लिए बदमाशों ने टैक्सी किराए पर ली थी। इसके बाद चालक गौरव तोमर इन्हें कार से दतिया लेकर गया, जहां रास्ते में बदमाश कार चालक की हत्या कर कार लूटकर भाग गए। इसके बाद गौरव का शव शिवपुरी जिले की करैरा तहसील में एक तालाब में पड़ा मिला था। पड़ाव थाने में चालक गौरव की गुमशुदगी दर्ज थी। शव मिलने के बाद एसपी नवनीत भसीन ने इस मामले की पड़ताल क्राइम ब्रांच को सौंपी। जांच के दौरान पुलिस को कार को किराए पर ले जाने वाले दो बदमाशों के स्पष्ट फुटेज मिले थे। जिससे बदमाशों की पहचान करने में पुलिस को मदद मिली। क्राइम ब्रांच ने चालक की हत्या व कार लूटने के आरोप में धर्मेंद्र पुत्र रामप्रकाश रायकवार निवासी करन सागर तालाब दतिया, सुनील कुशवाह पुत्र शंकर कुशवाह निवासी हरदौल मोहल्ला दतिया, विनोद पुत्र बादाम कुशवाह, धर्मेंद्र पुत्र नारायण कुशवाह निवासी सेवढ़ा को पकड़ लिया।
आरोपियों ने कबूला, पहले भी पकड़े जा चुके हैं, 5 लाख देकर छूटे थे
पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद आरोपियों ने कबूल किया कि उन्हें लूटी गई कार के साथ दतिया जिले के कोतवाली टीआई शेर सिंह ने पकड़ा था, लेकिन 5 लाख रुपए की रिश्वत लेकर छोड़ दिया। यह बात आईजी के संज्ञान में आई, इसके बाद पीएचक्यू ने इस मामले की जांच आईजी राजाबाबू सिंह को सौंपी।
एएसपी टीआई के बयान लेने के लिए दतिया पहुंचे
आईजी राजाबाबू सिंह के निर्देश पर एएसपी सतेन्द्र तोमर व पड़ाव थाना प्रभारी अनिल भदौरिया दतिया पहुंचे। आरोपियों के बयान की पड़ताल के लिए टीआई शेर सिंह की तलाश की। जांच टीम को पता चला कि कोर्ट के आदेश पर शेर सिंह को पहले ही निलंबित कर दिया गया है, तब से ही वे गायब हैं और जांच टीम के सामने बयान देने के लिए नहीं आए।
वीडियो में कहा कि हमने रुपए दिए, लिखित में पलटा
पकड़े गए बदमाश सुनील सिंह कुशवाह के पिता का जब पुलिस अधिकारियों ने बयान लिया तो उन्होंने वीडियो बनाने के दौरान कहा कि युवकों को छुड़वाने के लिए उनकी ओर से दो लाख रुपए दिए गए थे। लेकिन उन्होंने लिखित में बयान देने से इनकार कर दिया, इसके बाद जांच टीम ग्वालियर वापस लौट आई।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal