ग्वालियर-
आपको15490 रुपए का आयकर रिफंड स्वीकृत किया गया है। शीघ्र ही यह राशि आपके खाते में जमा होगी। कृपया अपना खाता नंबर वेरीफाई करें। नंबर सही न हो तो नीचे दिए लिंक पर क्लिक कर खाते को अटैच कराएं। यदि आपके पास इस तरह के मैसेज आ रहे हैं तो सावधान रहने की जरुरत है। मैसेज फिशिंग कर ठगी का रैकेट चलाने वालों ने इस तरह के मैसेज भेजकर ठगना शुरू किया है। शहर के कुछ लोगों पर इस तरह के मैसेज आए हैं। सायबर सेल तक मामले की शिकायतें भी पहुंची है। फिलहाल ठगी का कोई मामला सामने नहीं आया है।
दिल्ली, नोएडा में बैठकर ऑनलाइन ठगी का रैकेट चलाने वाले मास्टर माइंड हर एक दो महीने में ठगी का पैंतरा बदल रहे हैं। कभी टॉवर के नाम पर ठगी तो कभी एटीएम कार्ड ब्लॉक होने के नाम पर ठगी करते हैं। इसी तरह ऑनलाइन कोई प्रोडक्ट खरीदने और बेचने के नाम पर भी ठगी हो रही हैं। अब ठगों ने एक नया तरीका इजाद किया है। अब वह आयकर रिफंड के नाम पर ठगने के लिए लोगों को मैसेज कर रहे हैं। बीते 10 दिन में शहर के 3 लोगों को इस तरह के मैसेज आए हैं, जिनमें आयकर रिफंड के रूप में 10 हजार या 15 हजार रुपए की राशि दिखाकर वह एक अकाउंट नंबर वेरीफाई करने के लिए कहते हैं। नीचे यह भी लिखा रहता है कि अकाउंट नंबर यदि गलत है तो उसे सही करने के लिए अपना सही अकाउंट नंबर नीचे दिए लिंक पर क्लिक कर सही अटैच करें। जल्द ही रकम आपके खाते में आ जाएगी। जब लोगों पर इस तरह के मैसेज आए तो वह एसपी ऑफिस पहुंचे। एसपी ऑफिस में पदस्थ कुछ पुलिस कर्मियों जिनमें प्रमोद साहू का भी नाम है, उन्होंने सोशल मीडिया पर इस मैसेज को डालकर लोगों को ऐसे मैसेज से सतर्क रहने के लिए भी कहा है।
क्लिक कर अपना अकाउंट की डिटेल डालते ही होगी ठगी
मैसेज में नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर अपना अकाउंट नंबर सही करने की बात कही गई है। लिंक पर क्लिक कर अकाउंट नंबर व अन्य डिटेल डालते ही ठग आपको अकाउंट से कैश चोरी कर सकते हैं। इसलिए सावधान रहने की जरुरत है।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal