ग्वालियर-
पुलिस हेड क्वार्टर ने ग्वालियर जिले में दुष्कर्म के दो मामलों को सनसनीखेज क्राइम में चिन्हित किया है। इन दोनों केसों की डायरी आईजी के माध्यम से पुलिस हेड क्वार्टर ने मंगवाई थीं और जिसके बाद त्वरित कार्रवाई के लिए इन्हें सनसनीखेज क्राइम में लिया है।
बिलौआ इलाके में आने वाले चिल्ड्रन होम स्नेहालय में हुए महिला के साथ दुष्कर्म और गर्भपात कर भ्रूण जलाने के मामले और हजीरा थाने के तहत आने वाले आश्रम शांति निकेतन में मंदबुद्धि बच्ची के साथ दुष्कर्म केस को शामिल किया गया है। इनमें से एक केस में चालान पेश हो चुका है और दूसरे केस में पुलिस सबूत जुटाकर चालान पेश करने की तैयारी में जुट गई है।
यह हैं दोनों केस
1- स्नेहालय कांड

बिलौआ स्थित झांसी रोड पर स्पेशल चाइल्ड के लिए स्नेहायल नाम का चिल्ड्रन होम है। यहां 19 सितंबर 2018 को 26 साल की महिला के साथ दुष्कर्म और उसका भ्रूण जला देने का मामला सामने आया। इसमें स्नेहालय का चौकीदार व मुख्य आरोपी साहब सिंह गुर्जर निकला। इसके साथ ही स्नेहालय का डायरेक्टर डॉ बीके शर्मा, उसकी पत्नी भावना शर्मा, प्रबंधन जेपी शर्मा, डॉ. विकास साहू, सुपरवाइजर रवि बाल्मीक , कंपाउंडर गिर्राज बघेल, पुष्पा मिश्रा भी इसमें आरोपी बने हैं। सभी पर एफआईआर दर्ज की और गिरफ्तारियां हुईं। अभी भी इस मामले में डॉ. पुष्पा मिश्रा फरार हैं। इस केस के बाद स्नेहालय में बच्चों की मौत के मामले सामने आए, जिसके बाद सामाजिक न्याय विभाग ने इसका अधिग्रहरण कर लिया। तत्कालीन टीआई अमित भदौरिया इस मामले में चालान पेश कर चुके हैं।
2ः आश्रम शांति निकेतन केस
हजीरा थाना क्षेत्र के आश्रम शांति निकेतन में रहने वाली नाबालिग युवती के साथ दुष्कर्म का मामला दो साल बाद सामने आया। मामला 22 अप्रैल 2019 को खुला और नाबालिग की काउंसलिंग में खुलासा हुआ कि दो साल पहले उसके साथ दुष्कर्म हुआ था। इस खुलासे के बाद निकेतन में हड़कंप मच गया और हजीरा थाना पुलिस ने महिला एवं बाल विकास की सूचना पर एफआईआर दर्ज की। इस केस में आश्रम शांति निकेतन के वृद्धाश्रम में रहने वाले विमल जैन उर्फ बाबा को आरोपी बनाया गया। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है और डीएनए के लिए सैंपल सागर भेजा गया है। अभी डीएनए रिपोर्ट नहीं आई है। इस केस में अब पुलिस जल्द चालान पेश करेगी।
इसलिए सनसनीखेज कैटेगरी में चिन्हित किया केस
स्नेहालय में महिला के साथ दुष्कर्म और गर्भपात के बाद भ्रूण जला देने की घटना के बाद हर कोई हैरत में पड़ गया कि एक चिल्ड्रन होम में ऐसा घिनौना कृत्य, वहीं बालिका गृह में मंदबुद्धि बच्ची के साथ दुष्कर्म और आरोपी एक बुजुर्ग। ऐसे केसों से समाज शर्मसार होता है। इन केसों की डायरी बुलवाकर पुलिस हेडक्वार्टर स्टडी के बाद इन्हें कैटेगराइज कर देता है। ऐसे केसों को शीघ्र निराकरण के लिए सनसनीखेज कैटेगरी में डाला जाता है।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal