ग्वालियर।
सौभाग्य योजना भी लोगों के घरों को रोशन नहीं कर सकी है। योजना के पोर्टल पर लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराई हैं। अधिकतर उपभोक्ताओं की शिकायतें कनेक्शन नहीं मिलने की है। अब इस योजना की वास्तविकता को परखने के लिए केन्द्र शासन की टीम आ रही है। काम की गुणवत्ता के साथ-साथ कनेक्शन की स्थिति पता की जाएगी। ग्वालियर जिले 579 गांव में से 29 गांव का जांच के लिए चयन किया है, जिसमें सौभाग्य योजना के कामों की जांच की जाएगी। इस निरीक्षण को लेकर बिजली कंपनी ने अपने महाप्रबंधकों की ड्यूटी लगा दी है। ग्वालियर की जिम्मेदारी भिंड जिले के महाप्रबंधक को दी गई है।
केन्द्र सरकार ने हर घर में बिजली कनेक्शन देने के लिए सौभाग्य योजना संचालित की है, लेकिन मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने अपने आंकड़ों में शत प्रतिशत कनेक्शन देना बताया है। इस आधार पर मध्य विद्युत वितरण कंपनी को केन्द्र सरकार से100 करोड़ का पुरस्कार भी मिला है, लेकिन इस योजना की हकीकत कुछ और है। उपभोक्ता कनेक्शन के लिए भटक रहे हैं। बिजली कंपनी के तकनीकि निदेशक ने 16 अप्रैल 2019 को सभी सर्कलों को एक पत्र जारी किया है। इस पत्र में उन शिकायतों का उल्लेख किया है, जिन उपभोक्ताओं को कनेक्शन नहीं मिले थे। अनियमितताओं की भी शिकायतें सौभाग्य योजना में आई है। अब केन्द्रीय टीम कामों का निरीक्षण करेगी।
कागजों में दिखाया गया लक्ष्य पूरा
-ग्वालियर चंबल संभाग में सौभाग्य योजना के तहत 3 लाख 52 हजार कनेक्शन देने का रिकार्ड है, लेकिन अधिकतर उपभोक्ताओं के यहां मीटर नहीं है। मार्च 2019 की स्थिति पर नजर डालें तो साढ़े तीन लाख उपभोक्ता अभी अन मीटर्ड हैं।
– सौभाग्य योजना के तहत लोगों के घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए केन्द्र शासन से करोड़ों रुपए की सब्सिडी भी मिली थी।
– -सौभाग्य योजना शहर व गांव में आई थी। हर घर को कनेक्शन देना था, जिनके घर पर बिजली नहीं है।
– भिंड जिले में 808 गांव में से 40 गांव की जांच होगी।
– मुरैना में 809 में से 40 गांव के कामों की जांच की जाएगी।
29 गांव में काम की स्थिति
– 85 नए ट्रांसफार्मर लगाए हैं।
– 59.63 किमी एचटी लाइन का निर्माण किया गया।
– 40 किमी एलटी लाइन का निर्माण हुआ।
– 2109 कनेक्शन दिए गए।
कामों का सत्यापन होगा
सौभाग्य योजना के तहत जो कार्य किए गए हैं, उनकी सत्यापन करने के लिए टीम आ रही है। इसमें केन्द्र व राज्य शासन के सदस्य रहेंगे। साथ में बिजली कंपनी के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
डीपी अहिरवार, मुख्य महाप्रबंधक ग्वालियर रीजन
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal