– *विधानसभा क्षेत्र बैरिया में व्यय प्रेक्षक ने किया भ्रमण*
– *जगह बदल बदल कर करें वाहनों की चेकिंग, रोजाना रिपोर्ट भी दें*
बलिया: लोकसभा क्षेत्र बलिया के व्यय प्रेक्षक आनन्द कुमार ने बुधवार को बैरिया विधानसभा क्षेत्र में भ्रमण कर अनुवीक्षण टीमों के कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेटिक सर्विलांस टीम, फ्लाइंग स्क्वायड टीम व अन्य टीमें अपना कार्य करते हुए पाई गई। उन्होंने टीमों को अपने कार्य के प्रति हमेशा सतर्क रहने के निर्देश दिए। कहा कि जगह बदल-बदल कर वाहनों की जांच करते रहें। वहीं सहायक व्यय प्रेक्षक रंजीत कुमार को निर्देश दिया कि अपने क्षेत्र की समस्त टीम के कार्यों पर नजर बनाए रखें। साथ ही प्रतिदिन की रिपोर्ट से अवगत कराते रहें। इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य होगी।
व्यय प्रेक्षक सबसे पहले दयाछपरा गए और वहां फ्लाइंग स्क्वायड टीम के प्रभारी प्रभात कुमार सिंह व सहायक व्यय प्रेक्षक से जरूरी पूछताछ की। इसके बाद चांददियर पुलिस चौकी के पास मौजूद एसएसटी (स्टेटिक निगरानी टीम) बैरिया के प्रभारी उमेश सिंह से उनके कार्य संबंधी जानकारी ली। साथ ही सभी प्रकार के अभिलेखों को देखा। निरीक्षण के बाद उन्होंने बैरिया तहसील में एसडीएम विपिन जैन व उमेश कुमार के साथ बैठक कर कर व्यय प्रबंधन और रैली, वाहन, नुक्कड़ सभा आदि की अनुमति से संबंधित पूछताछ की। उन्होंने कहा कि इस पर भी नजर बनाए रखें की अनुमति में दिए गए शर्तों के अनुसार ही कोई रैली, सभा या अन्य कार्यक्रम हों। वापसी के दौरान व्यय प्रेक्षक आनंद कुमार ने हल्दी में स्टेटिक सर्विलांस टीम के प्रभारी सुखराम से पूछताछ की और व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।
———–
फोटो—
*प्रशिक्षण में डीएम ने दिए मतदान कराने के अहम टिप्स*
– *टीडी कॉलेज में बुधवार से शुरू हुआ कार्मिकों का द्वितीय प्रशिक्षण*
बलिया: लोक सभा सामान्य निर्वाचन में लगाए गए कार्मिकों का द्वितीय प्रशिक्षण बुधवार से शुरू हो गया। टाउन डिग्री कॉलेज के कमरों में चल रही ट्रेनिंग में कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी भवानी सिंह खंगारोत व मुख्य विकास अधिकारी बद्रीनाथ सिंह के अलावा ट्रेनर गण ने ईवीएम व वीवीपैट आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण स्थल के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पर्याप्त पेयजल और एक एंबुलेंस की व्यवस्था वहां हमेशा रखने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा, इस बात का विशेष ख्याल रहे कि वीवीपैट मशीन के रख-रखाव के प्रति विशेष ध्यान देना है। चुनाव के दिन अगर किसी ईवीएम में गड़बड़ी हो तो तुरंत सेक्टर मजिस्ट्रेट को बताएं। इंजीनियरों द्वारा मशीन को तुरंत ठीक कराया जाएगा और जरूरत पड़ने पर ईवीएम बदली भी जा सकती है। उन्होंने समस्त कर्मचारियों से कहा, आपके ऊपर निर्वाचन को स्वतंत्र व निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने की पूरी जिम्मेदारी है। उन्होंने अग्रिम बधाई देते हुए आशा जताई कि सभी कर्मचारी अपने विभागीय दायित्व के अलावा निर्वाचन कार्य को भली-भांति अंजाम देंगे। भरोसा भी दिलाया कि चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा। कार्मिकों को कहीं कोई दिक्कत नहीं होगी।
*निर्वाचन सामग्री बैग को देखा*
जिला निर्वाचन अधिकारी ने पीठासीन अधिकारियों को दी जाने वाली सामग्रियों की पैकिंग कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने देखा कि चेक लिस्ट के अनुसार बैग में सभी सामग्री उपलब्ध है या नहीं। डीपीआरओ का निर्देश दिया कि बैग में सभी सामान ध्यानपूर्वक रखे जाएं।
*पहले दिन 46 कर्मी रहे गैरहाजिर, चेतावनी*
– प्रशिक्षण के पहले दिन 46 कर्मचारी गैरहाजिर रहे। इसमें 8 पीठासीन अधिकारी, पांच मतदान अधिकारी प्रथम, 17 द्वितीय और 16 मतदान अधिकारी तृतीय थे। जिलाधिकारी ने कर्मचारियों की उपस्थिति पर कड़ी नाराजगी जताई है और प्रशिक्षण तिथियों में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर ट्रेनिंग प्राप्त कर लेने को कहा है।
—
*निर्वाचन ड्यूटी को हल्के में ना लें वरना होगा मुकदमा: सीडीओ*
बलिया: लोक सभा सामान्य निर्वाचन में लगाए गए कार्मिकों का द्वितीय प्रशिक्षण बुधवार से शुरू हो गया। नोडल अधिकारी कार्मिक/सीडीओ बद्रीनाथ सिंह ने कर्मचारियों को पहले से ही आगाह कर दिया है कि प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने पर बड़ी कार्रवाई हो सकती है। कहा है कि निर्वाचन से महत्वपूर्ण कुछ नहीं है। ऐसे में निर्वाचन ड्यूटी को हल्के में कतई ना लें। ऐसा करने पर निलंबन की कार्रवाई तो होगी ही, साथ में मुकदमा भी झेलना पड़ेगा। उन्होंने ऐसी कार्रवाई से बचने के लिए सलाह दी है कि प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से भाग लें और लोकतंत्र के महापर्व को सकुशल संपन्न कराने में अपना कुशल योगदान दें।
—-
*स्वास्थ्य कारणों से ड्यूटी करने में हैं अक्षम तो 10 मई तक करा लें मेडिकल*
बलिया: चुनावी ड्यूटी करने में अक्षम कर्मचारियों को ड्यूटी से मुक्त होने के लिए मेडिकल बोर्ड की संस्तुति जरूरी है। यह बोर्ड विकास भवन में बुधवार से सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक बैठ रहा है। आज और कल, यानि 9 व 10 मई को भी बोर्ड के सदस्य बैठेंगे। नोडल अधिकारी कार्मिक/सीडीओ बद्रीनाथ सिंह ने कहा है कि ऐसे चुनाव कार्मिक, जो किन्हीं स्वास्थ्य कारणों से ड्यूटी नहीं कर सकते, अपना मेडिकल करा लें। इस बात का ध्यान रहे कि अनावश्यक बहानेबाजी पर बड़ी कार्रवाई भी हो सकती है। बता दें कि यह मेडिकल बोर्ड 16 अप्रैल से 20 अप्रैल तक भी बैठा था। बताया कि किन्हीं स्वास्थ्य कारणों से ड्यूटी से मुक्त होने का यह अंतिम मौका होगा। 10 मई के बाद कोई बोर्ड नहीं बैठेगा।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal