ग्वालियर। ग्वालियर से कोचिंग पढ़ाकर अपने चाचा की शादी के लिए गांव जा रहे एमटेक के छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई। उसके साथ उसका दोस्त भी बाइक पर सवार था। बाइक छात्र ही चला रहा था। सड़क पर अचानक सामने गड्ढा आ गया, जिसके चलते छात्र ने बाइक का हैंडल मोड़ा, तभी पीछे से तेज रफ्तार में ट्रक आ गया और बाइक में टक्कर मार दी। दोस्त तो उछलकर झाड़ियों में गिरकर घायल हाे गया, जबकि छात्र ट्रक के नीचे आ गया। ट्रक कुचलता हुआ आगे बढ़ गया। घटना पुरानी छावनी की है। पुलिस ने ट्रक तो जब्त कर लिया है, जबकि चालक भाग गया। पुरानी छावनी थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।

मुरैना के ग्राम माधौगढ़ के रहने वाले राजवीर पुत्र जगदीश धाकड़ (25) ग्वालियर स्थित एमआईटीएस कॉलेज से एम.टेक(केमिकल) की पढ़ाई कर रहे थे। वह द्वितीय वर्ष के छात्र थे। ग्वालियर के महावीर कॉलोनी में किराए से कमरा लेकर रहते थे। उनके साथ पड़ोस के गांव का रामौतार धाकड़ भी रहते थे। वह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। दोनों पढ़ाई के साथ उरवाई गेट पर कोचिंग भी चलाते थे। 16 अप्रैल को राजवीर के चाचा की शादी है। 15 अप्रैल को मंडप था, इसलिए राजवीर रविवार को कोचिंग में पढ़ाने के बाद अपनी बाइक से गांव के लिए रवाना हुए। साथ में रामौतार भी थे। राजवीर बाइक चला रहे थे। पुरानी छावनी स्थित करन ढाबे के पास जैसे ही पहुंचे तो अचानक सड़क पर गड्ढा आया। गड्ढे से बचने के लिए राजवीर ने बाइक घुमाई।
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में ट्रक आरजे 11 जीए 8796 आ गया। ट्रक चालक ने सामने बाइक आ जाने पर ब्रेक भी नहीं लगाए अाैर बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रामौतार तो उछलकर गिरे जबकि राजवीर सड़क किनारे गिर पड़े। पीछे से ट्रक का पहिया उन पर चढ़ गया। चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। घायल रामौतार को अस्पताल भिजवाया। जबकि राजवीर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। पुलिस ने ट्रक चालक पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
इधर, कार की टक्कर से होमगार्ड सैनिक की मौत : बेकाबू कार ने एक बाइक में टक्कर मार दी, जिससे होमगार्ड सैनिक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी घायल हो गई। घटना बिजौली रोड शनिवार दोपहर की है। बिजौली थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। भिंड के तारोली के रहने वाले वीरेंद्र यादव होमगार्ड सैनिक थे। वह भिंड के अमायन थाने में पदस्थ थे। शनिवार को वह पत्नी को बाइक से लेकर बिजौली जा रहे थे। बिजौली रोड स्थित अमर पब्लिक स्कूल के ठीक सामने बेकाबू कार एमपी07 सीडी 5934 के चालक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक गड्ढे में जा गिरी। बाइक गड्ढे में गिरने से वीरेंद्र के सिर में चोट आई। उनकी मौत हो गई जबकि पत्नी घायल होकर बेहोश हो गईं। कार अशोक सिंह गुर्जर निवासी मुरार के नाम पर रजिस्टर्ड है।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal