ग्वालियर- डबरा में दहेज प्रताड़ना के मामले में पेशी पर आई एक महिला से उसके ससुर तथा एक अन्य व्यक्ति ने न्यायालय परिसर के गेट पर अभद्रता कर मारपीट कर दी। मौके पर मौजूद वकीलों ने पीड़ित महिला को थाने ले जाकर ससुर तथा उसके साथी के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला की शादी दतिया निवासी पवन बघेल से हुई थी, जो वर्तमान में पुलिस में आरक्षक है। शादी के कुछ दिन बाद तक सब ठीक चलता रहा, लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता गया, पति-पत्नी के बीच झगड़ा शुरू हो गया और पवन ने महिला को साथ रखने से मना कर दिया। पीड़ित महिला ने अपने पति और ससुरालीजनों के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया था, जो न्यायालय में चल रहा है। मामले की सुनवाई को लेकर पीड़ित महिला सिविल न्यायालय में पेशी पर आई थी। ससुराल पक्ष से ससुर राजाराम और एक अन्य व्यक्ति भी पेशी पर आए थे। महिला जब पेशी के बाद घर जाने लगी, तो न्यायालय परिसर के गेट के बाहर राजाराम ने उसे रोक लिया और पीड़िता के साथ अभद्रता कर मारपीट की। पीड़िता ने बताया कि ससुर राजाराम केस वापस लेने के लिए दबाव बना रहा है। जब उसने मना कर दिया तो वह जान से मारने की धमकी देने के साथ अभद्रता करने लगा। जब अभद्रता करने से रोका तो ससुर ने पीड़िता से मारपीट कर दी। घटना के बाद के पीड़ित महिला के पिता और अन्य वकील भी पहुंच गए और महिला को थाने ले जाकर ससुर राजाराम और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal