ग्वालियर-
क्रिसमस त्यौहार मनाना महंगा पड़ा.क्रिसमस के मौके पर हाइवे पर स्थित ढाबे से डिनर कर लौट रहे आईटीएम के छात्र की तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। ट्रक से टकराते ही छात्र बाइक से छिटककर सड़क पर गिरा। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रक छात्र को रौंदते हुए निकल गया। घटना सोमवार-मंगलवार की रात 1 बजे सिरोल बायपास पर नैनागढ़ तिराहे की है। छात्र के पीछे आ रहे दोस्तों ने मामले की सूचना तत्काल पुलिस व कॉलेज प्रबंधन को दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। मृतक अफ्रीका के जांबिया देश के कसाका शहर का रहने वाला है। पुलिस ने दिल्ली में दूतावास को मामले की सूचना दे दी है।
अफ्रीका महादीप के देश जांबिया स्थित कसाका निवासी 24 वर्षीय कसापा सितपाला पुत्र कतिवा फेडरिक आईटीएम यूनिवर्सिटी से बीएससी नर्सिंग थर्ड ईयर का छात्र था। कसापा अभी एमके सिटी में किराए से फ्लैट लेकर रह रहा था। सोमवार रात 11.30 बजे वह अपनी बाइक एमपी09 एमएन-8733 से डीबी सिटी अपने दोस्त कुटलो सिम्स के पास पहुंचा। यहां से दोनों क्रिसमस मनाने के लिए सिरोल बायपास पर डिनर करने के लिए निकले थे। रात 12 बजे बायपास स्थित अपना ढाबा पर छात्र ने क्रिसमस मनाया और दोस्तों के साथ डिनर किया। रात करीब 1 बजे वह अपनी-अपनी बाइक से लौट रहे थे। छात्र कसापा अपनी बाइक की स्पीड बढ़ाते हुए सबसे आगे निकल गया, जबकि कुटलो सिम्स व अन्य दोस्त पीछे आ रहे थे। बायपास पर रफ्तार भरता हुआ छात्र अभी नैनागढ़ तिराहे पर पहुंचा ही था कि अंधेरा होने के चलते सड़क किनारे खड़ा ट्रक यूपी75 एटी-6074 छात्र को नहीं दिखा। बाइक तेज रफ्तार में आकर ट्रक से जा टकराई। छात्र का सिर ट्रक से टकराया और वह बाइक से उछलकर बीच सड़क पर आ गिरा। इसी समय पीछे तेज रफ्तार में आ रहा एक अन्य ट्रक उसे रौंदता हुआ निकल गया। ट्रक के पहिए उसके ऊपर से निकल गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पीछे आ रहे छात्र कुटलो ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। छात्र के शव को निगरानी में लेकर सड़क पर खड़े ट्रक को जब्त कर लिया है। अभी रौंदने वाले ट्रक का पता नहीं चल सका है।
नहीं हुआ पोस्टमार्टम, दूतावास को भेजी सूचना
मृतक छात्र के शव को रात को ही पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया था। मंगलवार को उसके शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। क्योंकि उसके परिजन यहां नहीं हैं न ही कोई रिश्तेदार है। पुलिस ने कॉलेज प्रबंधन को सूचना देने के बाद ही दिल्ली जांबिया अफ्रीकी दूतावास से संपर्क किया है। छात्र के माता-पिता ने भारत आने की विवशता जताई है। जिस पर दोस्तों की निगरनी में बुधवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को उसके देश भेजने के लिए कार्रवाई की जाएगी।
ड्रिंक करने को लेकर कोई नहीं बोला
हाइवे स्थित ढाबा पर डिनर करने से पहले छात्रों ने शराब पी थी या नहीं, इसको लेकर किसी ने मुंह नहीं खोला है। पुलिस को आशंका है कि छात्र घटना के समय नशे में था, लेकिन अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम भी नहीं हो सका है इसलिए डॉक्टर की भी राय नहीं ली जा सकी है।
हाइवे के ढाबों पर शराब खोरी बन रही हादसे की वजह-
शहर की सड़कों पर कार में बैठकर शराब पीने, शराब दुकानों के बाहर सड़क पर खड़े होने वालों पर पुलिस ने पिछले कुछ महीनों में सख्ती की है। जिसका नतीजा हाइवे के ढाबों पर खुलेआम लोग शराब का शौक पूरा करते नजर आते हैं। यही कारण है कि पिछले कुछ दिनों में हाइवे से पार्टी कर लौट रहे कई लोग सड़क हादसों में अपनी जान गंवा चुके हैं।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal