ग्वालियर-
प्रशासन की अनदेखी के कारण भितरवार से चीनोर तक बना 29 किमी का मार्ग जर्जर हो चुका है। सड़क पर जगह-जगह हुए बड़े और गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में हालात यह है कि भितरवार से चीनोर तक पहुंचने के लिए लोगों को लगभग दो घंटे का समय लगता है। जर्जर हुए मार्ग का मेंटेनेंस कराने के लिए आसपास के ग्रामीण कई बार प्रशासन तथा क्षेत्रीय विधायक से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अभी तक किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है।
गौरतलब है कि भितरवार से चीनोर तक बने 29 किमी के इस मार्ग का निर्माण साल 2004 में कराया गया था। जब से यह रोड बना है तब से आज तक सड़क का मेंटेनेंस नहीं कराया गया है। इस कारण सड़क पर अब डामर की जगह केवल गड्ढे दिखाई दे रहे हैं। बताया गया है कि भितरवार विकासखंड के लगभग 70 प्रतिशत गांवो की आबादी इसी मार्ग से आवागमन करती है। सड़क पर हुए गड्ढों के कारण अगर कोई गर्भवती महिला को अचानक दर्द शुरू हो जाए तो उसकी डिलेवरी अस्पताल पहुंचने से पूर्व रास्ते में हो जाएगी। रास्ता खराब होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी गर्भवती महिलाओं को झेलनी पड़ रही है।
ग्वालियर जाने के लिए मुख्य रास्ता है यह मार्ग
बताया जाता है कि भितरवार से चीनोर तक बना यह मार्ग भितरवार विकासखंड के मेहगांव, दुबहा, दुभई, करहिया, रिठोदन, खेड़ा, टांका, रई, सिंघारन तथा श्यामपुर सहित लगभग 70 प्रतिशत ग्राम पंचायतों के लोगों के लिए ग्वालियर पहुंचने के लिए मुख्य रास्ता है, लेकिन रास्ता खराब होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया जाता है कि करहिया निवासी रघुनाथ सिंह (40) पुत्र जाहर सिंह को सोमवार को अचानक हार्ट अटैक आ गया। वह इलाज कराने के लिए इसी मार्ग से ग्वालियर जा रहे थे, लेकिन रास्ता खराब होने के कारण वह समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाए और उनकी मौत हो गई। रास्ता खराब होने के कारण आए दिन वाहन चालक गड्ढों में फंसकर दुर्घटनाग्रस्त हो चुके है।
सड़क से गायब हुआ डामर
लोगों ने बताया कि 14 साल पहले बनी सड़क का मेंटेनेंस नहीं कराने के कारण सड़क का डामर तक दिखाई नहीं देता है। इस मार्ग से रोजाना हजारों वाहन चालक आवागमन करते हैं। सालों से मेंटेनेंस नहीं कराए जाने के कारण सड़क पर बड़े-बड़े और गहरे गड्ढे हो गए हैं। जो बरसात में पानी भर जाने के कारण दिखाई नहीं देते हैं। सड़क पर भरने वाले पानी और गड्ढों के कारण लोगों का वाहन चलाना भी मुश्किल हो गया है
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal